नैनीताल: बिना लाइफ जैकेट नौकायन करने पर होगा एक हजार का जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नाव चालक का लाइसेंस होगा निरस्त

नैनीताल,अमृत विचार। नैनी झील में नौकायन के दौरान लाइफ जैकेट न पहनना पर्यटकों को महंगा पड़ सकता है। नगर पालिका ने नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों पर एक हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान किया है। साथ ही पर्यटकों को जैकेट न पहनाने वाले नाव चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
 

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि बीते लंबे समय से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि पर्यटक नैनी झील में नौकायन के दौरान लाइफ जैकेट नहीं पहन रहे हैं और हुड़दंग मचा रहे हैं। इसको देखते हुए नगर पालिका ने पर्यटकों के लिए गाइड लाइन जारी करते हुए एक हजार रुपये के चालान का प्रावधान किया है।

साथ ही शिकायत मिली थी कि कई स्थानों पर नौकायन के दौरान नाव चालक पर्यटकों को लाइफ जैकेट नहीं दे रहे हैं। इस पर उन्होंने बोट स्टैंड का निरीक्षण कर सभी नाव चालकों और मालिकों को निर्देश दिए हैं कि सभी लोग नौकायन के दौरान पर्यटकों को आवश्यक रूप से लाइफ जैकेट पहनाएं। जो पर्यटक लाइफ जैकेट का प्रयोग नहीं कर रहे हैं उनकी तत्काल शिकायत पुलिस व नगर पालिका से करें। 

संबंधित समाचार