संभल: भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर गुलाब देवी ने विपक्ष को लिया आड़े हाथ, बोलीं- विपक्ष का महागठबंधन मेढक जैसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चन्दौसी में अपने आवास पर प्रेस वार्ता करतीं राज्यमंत्री गुलाब देवी।

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गुलाब देवी ने गुरुवार को केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के बाद सुभाष रोड स्थित अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व लाभकारी योजनाओं को विस्तार से बताते हुए वर्ष 2024 में केंद्र में पुन: भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। इस दौरान विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए महागठबंधन को लेकर तीखे प्रहार किए। विपक्ष के महागठबंधन की तुलना मेढ़कों से करते हुए कटाक्ष किया।

राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव के लिए विपक्ष महागठनबंधन कर रहा है। उन्होंने विपक्ष की तुलना मेढ़कों से करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक तराजू में मेढ़कों को नहीं तौला जा सकता। उसी प्रकार विपक्ष भी एक नहीं हो सकता। वर्ष 2004 से 14 तक परिवारवाद की सरकार होने से जनता को छला गया। विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ।

 देश की हालत क्या हो गई थी ये किसी से छिपा नहीं है। जनता ने नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा किया और 2014 से 2023 तक नौ वर्ष के मोदी जी के नेतृत्व में शांति, स्मृति और विकास की स्थिति दिखाई है। वह किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने जनता से वर्ष 2024 में भाजपा को पूर्ण बहुमत से जीत दिलाने का आह्वान किया। 

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में पिछले कुछ समय से मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें घर-घर जाकर केंद्र सरकार द्वारा नौ वर्ष में कराए गए विकास कार्य व लाभकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में जनता खुशहाल है। ब्लॉक प्रमुख बनियाखेड़ा डॉ. सुगंधा सिंह मौजूद रहीं।  

ये भी पढ़ें:- संभल: चचेरे-तहेरे भाइयों में जमकर चले लाठी डंडे व ईंट पत्थर, छह घायल

संबंधित समाचार