बरेली: नरक भोग रहे सरदारजी काॅलोनी के लोग, पानी के निकास का नहीं इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुंशीनगर क्षेत्र में सरदारजी कॉलोनी के लोग दो साल से नरक झेल रहे हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क बनवाने की मांग उठाई गई, लेकिन मेयर, नगर विधायक और क्षेत्रीय पार्षद की अनदेखी से दिक्कतें बढ़ती गईं। कुछ दिन पहले हुई बारिश का पानी और काॅलोनी के सौ घरों से निकल रहे पानी का कोई निकासी नहीं होने से सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गईं। कुछ माह पहले रोड़ा डलवाकर गड्ढों को भरवाया। इससे कुछ राहत मिली लेकिन पानी की निकासी नहीं होने से हालात खराब होते गए। वर्तमान में स्थिति दयनीय है।

शिवमंदिर के पास उप डाकघर के सामने गली से ही कालोनी का मुख्य रास्ता है। इस गली में गड्ढा होने से उसमें गंदा पानी भरा है। ईंट-पत्थर भी पड़े हैं। गंदे पानी में घुसकर लोग पैदल निकल रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत बाइक और स्कूटी लेकर निकलने वालों को हो रही है। काॅलोनी के कई लोग पानी में वाहन लेकर गिरने से चोटिल हो चुके हैं। वहीं, कालोनी के अंदर जहां मोबाइल ट्रांसफार्मर रखा है, वहां सबसे ज्यादा खतरा है। ट्रांसफार्मर के पास पार्क पानी से भरा और सड़क पर गंदा पानी है। यहां कुछ दुकानें हैं, उनके आगे पानी भरा रहने से महिलाएं और बच्चे सामान लेने जाने से डरते हैं।

दुकानों से आगे निकलने पर हालात ऐसे हैं कि कई मकानों के दरवाजे तक गंदा पानी भरा है। नालियां ओवरफ्लो हो गई हैं। संक्रमण रोगों के फैलने की भी आशंका बन गई है। काॅलोनी में चार गलियां हैं। चारों गलियां एक सड़क से जुड़ती हैं, वही सड़क बेहद खराब है। गुरुवार को काॅलोनी के दिनेश बगौली, निशांत भारद्वाज, प्रभात जौहरी, अशोक और सन्नी ने सड़क की दुर्दशा को लेकर काॅलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों से आग्रह किया कि जर्जर सड़क बनवाने के बारे में सोचें। लोग चोटिल हो रहे हैं।

सड़क बनाने को कुछ दिन पहले निकला है टेंडर
काॅलोनी की सड़क बनाने के लिए कुछ दिन पहले ही ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग की ओर से टेंडर निकाला गया, लेकिन टेंडर अभी खुला नहीं है। ऐसी स्थिति में सड़क निर्माण में अभी कई माह का समय लगना तय है। यह सड़क स्वीकृत कराने के लिए वनमंत्री डाॅ. अरुण कुमार से कई बार कहा गया, तब इसे मंजूरी मिली थी।

यह भी पढ़ें- बरेली: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला के विरोध में प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी

संबंधित समाचार