प्रतापगढ़: सड़क हादसे को फायरिंग बताकर वायरल किया वीडियो, अब पुलिस करेगी कार्रवाई
प्रतापगढ़। रोड एक्सीडेंट को फायरिंग में लोगों के घायल होने की घटना बताकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने गुरुवार को वयरलमकर दिया। चिन्हित कर अब उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। बुधवार शाम को मनगढ़ धाम दर्शन करने के लिए कार से छह लोग जा रहे थे। कार डेरवा में पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर सूखे महुआ के पेड़ में टकरा गई थी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से लालगंज ट्रामा सेंटर भेजवाया। जनपद जौनपुर के खैरपारा महराजगंज निवासी अजीत (27) पुत्र सूर्यनाथ अपने दोस्त बोधी (25) उर्फ कुलदीप पुत्र धर्मराज, अमित (29)पुत्र अवधेश तथा तेजीबाजार निवासी अनुज (25) पुत्र राम आसरे व मोनू (20) पुत्र विजयमणि तथा चालक अज्ञात के साथ कार से बुधवार शाम मनगढ़ धाम दर्शन करने जा रहे थे। तभी उक्त हादसा हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया था।
शरारती तत्वों ने घायल पड़े लोगों को गोली से घायल बताते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। इस बारे में शासन स्तर से भी पूछताछ होने लगी। पुलिस की भी किरकिरी होने लगी। गलत ढंग से वीडियो वायरल करने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र ने बताया कि फर्जी वीडियो वायरल कर पुलिस की छवि धूमिल करने वाले लोगों को चिह्नित कर लिया गया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी,यह गम्भीर मामला है।
यह भी पढ़ें:-राजा भैया के पिता ने ट्वीट कर कहा- भारत को एक हिंदू राज्य घोषित करने का अवसर खो रही बीजीपी
