चुनावी शोर शराबा है, यूसीसी का विरोध करने से बचें मुसलमान- मौलाना तौकीर रजा
मौलाना तौकीर ने कहा- हिंदुत्व के लिए कैलाश मानसरोवर को चीन से मुक्त कराएं पीएम
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी (इत्तेहादे मिल्लत कौंसिल) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का शोर राजनीतिक फायदे के लिए मचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जानते हैं कि सरकार जाने का समय आ गया है, इसलिए यह सब किया जा रहा है। मुसलमान इसका मसौदा सामने आने तक विरोध करने से बचें।
मौलाना तौकीर ने एक बयान में कहा कि सच यह है कि अप्रत्यक्ष रूप से यूसीसी पहले से ही लागू किया जा चुका है। पर्सनल लॉ के मुताबिक फैसले नहीं हो रहे हैं। उन्होंने टीवी चैनलों पर हो रही डिबेट को पूर्व नियोजित बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की।
मौलाना ने कहा कि कोई कुछ भी कानून बना ले, मुसलमान निकाह की जगह फेरे तो नहीं लेने लगेगा। मौलाना ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का तो दुनिया सम्मान करती है। देश में इस तरह के मुद्दे उठाने से बेहतर है कि हिंदू आस्था के केंद्र कैलाश मानसरोवर को चीन के कब्जे से छुड़ाकर देश के हिंदुओं को सौंपें। यह सच्चे हिंदुत्व का काम होगा। देश में हिंदू मुस्लिम विवाद से देश तरक्की नहीं कर सकता। पसमांदा मुस्लिम समाज पर मौलाना ने कहा के मुसलमानों में कोई अगड़ा-पिछड़ा नहीं, सब बराबर होते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला के विरोध में प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी
