महाराष्ट्र: जलगांव में पेड़ वाहन पर गिरने से दो पुलिसकर्मियों की मौत, तीन घायल

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुंबई। उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक वाहन पर विशाल पेड़ गिरने से दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और उनके तीन सहयोगी घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे एरंडोल-कसौदा रोड पर हुआ।

ये भी पढ़ें - 'बम बम भोले' के जयकारों के बीच अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सहायक पुलिस निरीक्षक सुदर्शन दातिर (36) और पुलिस नायक अजय चौधरी (38) के तौर पर हुई है। वे जलगांव पुलिस बल की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में तैनात थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना तब हुई जब ईओडब्ल्यू का दल एक मामले की जांच के लिए जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘ पुलिस का वाहन अंजनी बांध क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी एक विशाल व पुराना इमली का पेड़ उस पर गिर गया। इसमें सवार पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।’’ अधिकारी ने बताया कि बाद में दातिर और चौधरी को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि तीन घायल पुलिसकर्मियों का जलगांव के एक सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। जलगांव, मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित है।

ये भी पढ़ें - अमरनाथ यात्रा: सुरक्षा काफिले में शामिल वाहन सड़क से फिसला, तीन लोग घायल

संबंधित समाचार