रुद्रपुर: फौजी की विधवा का दारोगा पर शारीरिक शोषण का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर,अमृत विचार। कोतवाली इलाके की रहने वाली एक फौजी की विधवा ने दरोगा पर शारीरिक शोषण करने और जबरन संबंध बनाए रखने का आरोप लगाया है। आरोप था कि दारोगा ने बच्चों का भरण पोषण व मकान देने का वादा किया था और पत्नी से तलाक होने की बात कही थी।

जब हकीकत पता चली तो पुलिसिया प्रताड़ना का खेल शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार एक गांव की रहने वाली महिला का कहना था कि वर्ष 2005 में हृदय गति रुकने से उसके फौजी पति की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी उसके कंधे पर आ गई थी।

इसी दौरान वर्ष 2020 को आर्थिक तंगी के दौरान घर के सामने रहने वाले दरोगा ने उसे बताया कि उसका अपनी पत्नी से तलाक हो गया है और बहला फुसलाकर उसे मकान देने व बच्चों का खर्चा उठाने का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। अचानक 16 फरवरी 2022 को दरोगा का बेटा और पत्नी घर पर आए और बच्चों के साथ मारपीट कर अभद्रता की। वहीं दरोगा लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा और मकान व खर्चा देना बंद कर दिया।

इसके बाद उसने साथ रहने से इंकार कर दिया। जिसके बाद आरोपी दरोगा ने पुलिस भेजकर उसके बच्चों को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप था कि 26 जून 2023 को दरोगा ने मकान में रहने वाले किराएदार को भेजकर बच्चों व उसके साथ मारपीट की और छुट्टी पर होने के बाद भी पुलिस ने बच्चों को चौकी बुलाकर जमकर पिटाई की।

जिसकी सूचना 112 पर भी दी थी। सुबह कोतवाल को जानकारी देने के बाद चालान काटकर उसके बच्चों को छोड़ा गया। पीड़िता ने एसएसपी के नाम संबोधित ज्ञापन एसपी सिटी को सौंपा और दरोगा के खिलाफ साजिश के तहत बलात्कार करने, परिवार का उत्पीड़न करने और बच्चों के मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

फौजी की विधवा का शिकायती पत्र मिलने के बाद प्रकरण की जांच सीओ अनुषा बडोला को सौंप दी गई है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। बावजूद मामले को गंभीरता से लिया गया है।
-मनोज कत्याल, एसपी सिटी, रुद्रपुर।

संबंधित समाचार