बरेली: नगर निगम का टैक्स वसूली का लक्ष्य शासन ने बढ़ाकर किया 246 करोड़
खाली खजाना भरने के लिए सख्ती से टैक्स वसूली करने का भी निर्देश
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम का खाली खजाना भरने के लिए इस बार करदाताओं को सख्ती झेलनी पड़ेगी। शासन ने बरेली नगर निगम की राजस्व वसूली का लक्ष्य पिछले साल की वसूली से तीन गुना बढ़ाकर 246 करोड़ निर्धारित करने के साथ इसे हर हालत में पूरा करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने सरकारी विभागों से भी बकाया टैक्स की सख्ती से वसूली करने को कहा।
प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी ली कि पिछले वित्तीय वर्ष में कितने टैक्स की वसूली की गई थी। जोनल अफसरों के 82 करोड़ की वसूली बताने पर प्रमुख सचिव ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में 246 करोड़ की वसूली का लक्ष्य तय किया। इसके लिए राजस्व निरीक्षक, जोनल अफसर और टीसी की जिम्मेदारी तय करने को भी कहा। इससे पहले नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने पिछले दिनों टैक्स विभाग की समीक्षा के दौरान अफसरों को महीने के अंतिम दिन तक सात करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य दिया था। इनमें एक जोन से दो करोड़ की वसूली हो चुकी है। बाकी जोन की वसूली संग्रह की जा रही है।
14 सौ करोड़ पहुंच चुकी है टैक्स की डिमांड
नगर निगम में टैक्स की डिमांड बढ़ते-बढ़ते करीब 14 सौ करोड़ पहुंच चुकी है। हालांकि इनमें कई फर्जी बिल शामिल हैं जिनकी आईडी डबल हो गई है। एक आईडी पर बिल जमा हो रहा और दूसरी पर बकाया बढ़ता जा रहा है। टैक्स विभाग में रिकॉर्ड के रखरखाव में भी लापरवाही बरतने के साथ कई बिलों को कम कर दिया गया, कई के एरियर गायब कर दिए गए। माना जा रहा है कि इस डिमांड के मुताबिक वसूली कर ली जाए तो नगर निगम को सरकार से मदद लेने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: हर तीसरे पुरुष में मिल रही प्लेटलेट्स की कमी, नहीं हो पा रहे ऑपरेशन
