बरेली: नौकरी लगवाने के नाम पर खुद को डीपीआरओ बताकर हड़पे तीन लाख, रिपोर्ट दर्ज
एसएसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई, पुलिस जांच में जुटी
बरेली, अमृत विचार। सुभाष नगर क्षेत्र में एक महिला सफाई कर्मचारी ने भाई को जिला पंचायत राज्य अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से तीन लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने महिला सफाई कर्मचारी, उसके भाई और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के गणेश नगर निवासी अचल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ब्लॉक क्यारा के बारीनगला की सफाई कर्मचारी मोना सिंह अक्सर उसकी भाभी के पार्लर पर आती-जाती थी। जहां उन्होंने अपने भाई संजय सिंह को जिला पंचायत राज्य अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। आरोप है कि महिला सफाई कर्मचारी ने फर्जी पदों की विज्ञप्ति भी दिखाई। महिला ने अपने भाई के मध्यम से युवक को विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि इस दौरान महिला सफाई कर्मचारी के पति अंकित ने भी कई बार युवक से बात कर उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर सुभाष नगर पुलिस ने सफाई कर्मचारी मोना सिंह, उसके भाई संजय सिंह और महिला के पति अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अचल ने बताया कि अब मोना सिंह उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही हैं। मोना सुभाष नगर पुलिस को फर्जी शिकायत पत्र देकर मुकदमा लिखवाने का दबाव बना रही हैं।
अचल कुमार ने बताया कि वह 15 जून को जिला पंचायत राज्य अधिकारी के ऑफिस पहुंचे। जहां उसने पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर डीपीआरओ ने तत्काल सफाई कर्मचारी मोना सिंह को बुलाकर आमना-सामना कराया। पूरे मामले की पोल खुलने के बाद मोना सिंह को तत्काल डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया।
ये भी पढ़ें- बरेली: नगर आयुक्त ने किया वनखंडीनाथ मंदिर का निरीक्षण, कांवड़ियों की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश
