रुद्रपुरः खाकी पर लगा दाग, दुष्कर्म के आरोपी दरोगा के बेटे ने महिलाओं से कर दिया खेल, अब पुलिस कर रही ये...
रुद्रपुर, अमृत विचार। फौजी की विधवा को बहला फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी दरोगा के बेटे की कोतवाली में गुंडई करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भाईचारा एकता मंच की महिला पीड़िता के साथ कोतवाली आई थी और एसएसआई से वार्ता कर रही थी तभी आरोपी दरोगा का बेटा वहां आ धमका। आरोप था कि युवक ने महिलाओं से अभद्रता शुरू कर दी, जिसे देखकर मौजूद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। उधर, भाई चारा एकता मंच द्वारा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। आगाह किया कि यदि उनकी तहरीर पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
बताते चलें कि शुक्रवार को कोतवाली इलाके की रहने वाली एक फौजी की विधवा ने स्थानीय दरोगा पर बच्चों का भरण पोषण करने और मकान नाम करवाने का वायदा कर शरीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। जिसको लेकर पीड़िता ने एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। चूंकि पीड़ता भाईचारा एकता मंच से जुड़ी है तो शनिवार की शाम को कुछ महिलाएं पीड़िता के साथ कोतवाली परिसर पहुंची और एसएसआई से वार्ता करने लगी।
आरोप था कि इसी दौरान वहां अचानक आरोपी दरोगा का बेटा पहुंच गया और मौजूद महिलाओं से अभद्रता करने लगा। वहीं, महिलाओं ने कोतवाली में हंगामा काटना शुरू कर दिया। इस दौरान सूचना मिलने पर मंच के केंद्रीय अध्यक्ष केपी गंगवार भी पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उनका कहना था कि जिस प्रकार दारोगा के बेटे ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया है। उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो धरना प्रदर्शन होगा। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि विभागीय दरोगा के बेटे द्वारा महिलाओं से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। जिसे हिरासत में लेकर कोतवाली में बिठा लिया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस पड़ताल कर आगे की कार्रवाई करेगी।
