हल्द्वानी: फिल्टर प्लांट में भारी मात्रा में सिल्ट आने से जलापूर्ति हुई बाधित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रविवार दोपहर बाद सफाई कर की गई आपूर्ति बहाल, लोगों के घरों में आया गंदा पानी

शीशमहल फिल्टर प्लांट में जमा हुई सिल्ट, प्लांट से होती है 34.5 एमएलडी पानी की आपूर्ति

हल्द्वानी, अमृत विचार। शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट आने से रविवार को लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। शनिवार रात और रविवार को हुई बारिश के कारण फिल्ट्रेशन प्लांट में अधिकांश मात्रा में सिल्ट जमा हो गई जिससे पानी की आपूर्ति बाधित हुई।

जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि रविवार सुबह शीशमहल फिल्टर प्लांट में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने से घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद फिल्टर प्लांट की सफाई कर जमा हुई सिल्ट को हटाया गया और पानी की आपूर्ति बहाल की गई।

सिल्ट जमा होने के कारण लोगों के घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। शीशमहल फिल्टर प्लांट से प्रतिदिन 34.5 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। भारी बरसात में प्लांट में सिल्ट जमा होने से लोगों को पीने पानी उपलब्ध नहीं हो पाता है या उपलब्ध होता है तो गंदे पानी की आपूर्ति होती है। लोगों को निजी खर्चे पर टैंकर मंगवाना पड़ता है। जिससे  लोगों की जेब पर असर पड़ता है।
 
काठगोदाम जल निगम स्थित ट्यूबवेल खराब हो गया है जिससे लगभग 5 हजार की आबादी को पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि वैकल्पिक तौर पर क्षेत्र में 5 टैंकर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि  5 दिन बाद  ट्यूबवेल ठीक कर लिया जाएगा। 


लोगों के घरों में आ रहा लाल रंग का पानी

गांधीनगर क्षेत्र में लोगों के घरों में लाल रंग का पानी आ रहा है। पार्षद रोहित ने बताया कि लाइन में लीकेज होने के कारण घरों में लाल रंग का गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने बताया कि जगह - जगह लाइनों में  लीकेज होने के कारण नालियों का पानी पाइपलाइन में रिस रहा है जिससे पानी गंदा हो रहा है।

वहीं जल संस्थान के जेई एनसी जोशी ने बताया कि लोगों ने नालियों से गुजरते हुए 15 एमएम के व्यक्तिगत कनेक्शन लिए हैं। इनको बदलना और ठीक करना जल संस्थान की जिम्मेदारी नहीं है। विभाग ने कई बार लोगों को नालियों से कनेक्शन बदलकर नए कनेक्शन लेने के लिए कहा लेकिन लोगों ने नहीं हटाए। नालियों में दुकानदारों के मीट-मांस धोने के कारण लाइन में गंदा पानी रिस रहा है।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: पुलिस की नई व्यवस्था को झटका, पुराने ढर्रे पर दौड़ेंगे ऑटो और ई-रिक्शा

संबंधित समाचार