Rail News : नीलांचल और उद्योग नगरी का बदला रूट, इंटरसिटी निरस्त - दैनिक यात्रियों की बढ़ी मुसीबत  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ-उन्नाव रेलखंड में लूपलाइन निर्माण होने ट्रेनों का संचालन प्रभावित

रायबरेली, अमृत विचार। रेल यात्रियों की समस्याएं कम होती नहीं नजर आ रही है। बारिश के कारण कई ट्रेनें देरी से आ रही हैं। लखनऊ-उन्नाव रेलखंड में लूप लाइन निर्माण होने से  नीलांचल और उद्योग नगरी का रूट बदल दिया गया है। वहीं प्रतापगढ़ इंटरसिटी को निरस्त किया गया है। इसके चलते सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को होगी। 

ऐसा पिपरसंड स्टेशन पर नई डाउन लूप लाइन निर्माण के कारण किया गया है। प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी चार से छह जुलाई और कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटरसिटी तीन से पांच जुलाई तक निरस्त किया गया है। इसके अलावा चार जुलाई को नीलांचल एक्सप्रेस अप-डाउन रायबरेली स्टेशन से डलमऊ होते हुए उन्नाव पहुंचेगी। वहीं उद्योग नगरी भी चार जुलाई को कानपुर, उन्नाव से डलमऊ होते हुए रायबरेली स्टेशन पहुंचेगी। ऐसे में यात्रियों की परेशानी बढ़नी तय है। इन ट्रेनों से दैनिक यात्रा करने वाले लोगों को अब बस का सहारा लेना पड़ेगा। 

सबसे अधिक प्रभावित इंटरसिटी से लखनऊ प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्री होंगे। रायबरेली से बछरावां के मध्य करीब एक हजार लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं। लखनऊ के एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करने वाले ब्रजेश सिंह का कहना है कि इंटरसिटी समय से पहुंच जाती है। इसके निरस्त होने से काफी परेशानी होगी। इसी तरह राजेंद्र गुप्ता, मनोज कुमार, दिनेश मिश्रा आदि ने जल्द संचालन शुरू कराने की मांग की है।

ये भी पढ़ें - आतंकियों से कनेक्शन में गोंडा के सद्दाम को एटीएस ने उठाया, बड़ी साजिश की जताई आशंका 

संबंधित समाचार