रायबरेली: गुरु पूर्णिमा पर ऋषियों की तपोस्थली में शिखर पर दिखा श्रद्धा का उल्लास, लाखों लोगों ने लगाई गंगा में डुबकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। जनपद में करीब अस्सी किमी तक फैला मां गंगा का आंचल गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का संगम बन गया। महान ऋषियों की तपोस्थली रहे गंगा तटों पर सोमवार  को गुरु पूर्णिमा का उल्लास शिखर पर दिखा। मठों में  उमड़े शिष्यों के भारी सैलाब से गुरु की महिमा, महत्ता सिद्ध होती रही। भोर से ही  गंगा में डुबकी लगाने के लिए घाटों पर भक्तों का उमड़ा सैलाब मेले जैसा नजारा बना रहा।

गर्ग ऋषि की तपोस्थली रहे गेगासों गंगा घाट से गोकर्ण ऋषि की तपोस्थली गोकना घाट तक शिष्यों ने स्नान दान के बाद मठ मंदिरों में जाकर अपने गुरु के चरणों में श्रद्धा निवेदित की। दर्शन पूजन का सिलसिला प्रातःकाल  से शुरू हो गया था। गंगा घाटों गेगासो, डलमऊ, गोकना, पूरे तीर, बादशाहपुर आदि में स्नानार्थियों का तांता लगा रहा। 

गुरु पूर्णिमा के पर्व पर गंगा तट भक्तों से गुलजार रहे। लाखों की संख्या में भक्तों का समूह उमड़ा तो गुरु पर्व की महिमा भी शिरोधार्य होती दिखी। डलमऊ गंगा घाट के बड़ा मठ और महेश गिरि मठ में पहुंच कर शिष्यों ने गुरु की पूजा अर्चना करके आशीष लिया है ।

एक दिन पहले गंगा तटों पर पहुंच गए थे स्नानार्थी 
जनपद के गोकना गंगा घाट पर रविवार शाम से श्रद्धालु तट पर पहुंच गए थे। रविवार शाम गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें वरिष्ठ पुरोहित पंडित जितेंद्र द्विवेदी ने मां गंगा के महात्म को बताते हुए गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की। 

यहां पर सलोन, परशदेपुर , नसीराबाद , डीह , छतोह , अमेठी, सुल्तानपुर जनपद तक से श्रद्धालु आए थे। प्रातः काल चार से स्नान का सिलसिला शुरू हुआ । उसके बाद दिन निकलते ही जब भक्तों का सैलाब उमड़ा तो सारी व्यवस्था तार तार हो गई। लोगों को नियंत्रित करने के लिए कोतवाल बालेंदु गौतम को भारी मशक्कत करनी पड़ी ।

गेगासों में फतेहपुर से आए स्नानार्थी 
गेगासो गंगा घाट पर लालगंज , खीरों , सतांव, सेमरी के अलावा फतेहपुर और उन्नाव जनपद से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। पास में गंगा नदी में पुल होने के कारण फतेहपुर जनपद से भरी भीड़ यह स्नान के लिए पहुंची है। यहां पर स्थित मां संकटा देवी के पौराणिक मंदिर में लाखों की संख्या में लोगों पूजा अर्चना की है। 

डलमऊ में लगा जाम
गुरु पूर्णिमा पर स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण डलमऊ के मुराई का बाग चौराहा पर जाम की समस्या बनी रही । सुबह से कार, बसों और अन्य वाहनों की भीड़ के कारण ऊंचाहार कानपुर मार्ग पर वाहन रेंगकर निकल रहे थे। यही हाल ऊंचाहार के जमुनापुर चौराहा का रहा। सूची गोकना मार्ग पर स्नानार्थियों के वाहनों की भीड़ से पूरी सड़क भरी रही। जुगराजपुर से गोकना गंगा घाट तक वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: एसपी ने आठ चौकी प्रभारियों के बदले कार्यक्षेत्र, सूची चौकी प्रभारी पंकजराज लाइन हाजिर

संबंधित समाचार