Sawan 2023 : Kanpur में सावन में हर भक्त पर होगी CCTV की नजर, शिव मंदिरों मे तैयारियां लगभग पूरी
कानपुर में सावन में हर भक्त पर सीसीटीवी की नजर होगी।
कानपुर में सावन में हर भक्त पर सीसीटीवी की नजर होगी। मंदिर में आने वाली भीड़ को देखते हुए शिवालयों में सुरक्षा मजबूत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। सावन के लिए शहर के शिव मंदिरों में तैयारी अंतिम दौर में हैं। मंदिरों में बैठकों का दौर जारी है और उस दौरान मंदिर आने वाले भक्तों की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है। खास बात यह है कि मंदिर कमेटियों की ओर से इस बार सीसीटीवी के अलावा खुद की टीमें भी भक्तों की सुरक्षा के लिए लगाई जाएगी।
शहर के सबसे बड़े शिवालय आनन्देश्व मंदिर परमट में मंदिर की ओर से सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। कंट्रोल रूम तैयार कर लिया गया है। जहां से एक किलोमीटर दूर से भक्त मंदिर आते हुए कैमरे में कैद हो जाएंगे। इसी तरह जागेश्वर महादेव मंदिर में भी कैमरों के अलावा युवओं की टीम बनाई गई है जो भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करेगी।
जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भी कैमरों की संख्या में इजाफा कर दिया गया है। उधर वनखंडेश्वर मंदिर में कैमरों के अलावा युवा सेवक पूरे सावन मंदिर में आने वाले भक्तों को नियंत्रित करेंगे। नागेश्वर मंदिर में महादेव के अरघे के पास आने वाले भक्त कैमरों में कैद होगा।
कंट्रोल रूम से निगरानी
आनन्देश्वर मंदिर परमट में सावन के सोमवार को भोर दो बजे महादेव के पटों को दर्शन के लिए खोल दिया जाता है। सावन को लेकर मंदिर में तैयारी पूरी हो गई है। इस बार भक्तों की सुरक्षा के लिए चौकी तक भक्तों को कैमरे की जद में रखा गया है। इसके अलावा 22 घंटों तक मंदिर के सेवक कंट्रोल रूम में बैठकर सभी भक्तों पर नजर रखेंगे। मंदिर की ओर से प्रशासनिक बैठक का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके बाद मंदिर की सुरक्षा में और इजाफा हो सकता है।
3:45 पर खुलेंगे पट
नवाबगंज स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर में इस बार सीसीटीवी के अलावा 28 युवाओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह युवा पूरे सावन खासतौर पर सोमवार को मंदिर में आने वाले भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करेंगे। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था भी मंदिर में होगी। मंदिर की ओर से इस बार सावन में फेसबुक के जरिए भक्तों को लाइव दर्शन कराए जाने की भी व्यवस्था की गई है। सावन के दौरान मंदिर के पट भोर 3:45 पर खोल दिए जाएंगे। दोपहर को 11:45 पर पट आधे घंटे के लिए दर्शन के लिए बंद होंगे।
सिर्फ आधे घंटे बंद होंगे पट
जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में सावन में मंदिर में आने वाली भीड़ को देखते हुए सोमवार को सिर्फ आधे घंटे के लिए पटों को बंद किया जाएगा। इसी तरह भोर में अन्य दिनों के मुकाबले भोर चार बजे पटों को दर्शन के लिए खोला जाएगा। दोपहर को 11 बजे से 11;30 तक मंदिर में पट भक्तों के दर्शन के लिए बंद होंगे।
बेले और बर्फ का शृंगार
पीरोड स्थित बनखंडेश्वर मंदिर में इस बार सावन में महादेव के बेले और बर्फ का शृंगार भक्तों को देखने को मिलेगा। इसके अलावा मंदिर में दुकाने बाहर लगाई जाएंगी जिससे भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो सके। इसके अलावा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और मंदिर के सेवकों के अलावा पुलिस व्यवस्था भी रहेगी। सावन में सुबह 5 बजे मंदिर के पटों को खोल दिया जाएगा। दोपहर में आधे घंटे के लिए दर्शन रोके जाएंगे।
सावन का शृंगार फुल
नयागंज स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में सावन भर शृंगार बुक हो गया है। इसके अलावा सावन में दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए मंदिर में इस बार सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। पुलिस बल के अलावा मंदिर में सेवकों को भी सुरक्षा में लगाया गया है।
59 दिनों का होगा सावन
महादेव की भक्ति के लिए उन्हें इस बार सावन 59 दिनों का मिलेगा। ज्योतिषाचार्य पं. राम प्रकाश शुक्ल ने जानकारी दी कि सावन की शुरुआत 4 जुलाई से हो रही है। सावन में इस बार भक्तों को महादेव के पूजन के लिए 8 सोमवार मिलेंगे। सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई को पड़ेगा। इसके अलावा 17 जुलाई को हरियाली अमावस्या पर्व होगा। 18 जुलाई से 16 अगस्त तक अधिक श्रावण मास होगा। उन्होंने जानकारी दी कि 21 अगस्त को सावन का सातवां सोमवार और नागपंचमी पर्व भी मनाया जाएगा। 19 अगस्त को स्वर्गगौरी तीज व हरियाली तीज महोत्सव होगा। 31 अगस्त को सावन की पूर्णिमा होगी। इस दिन रक्षाबंधन के अमरनाथ यात्रा भी पूर्ण होगी। 15 जुलाई को शनि प्रदोष व 28 अगस्त को सोम प्रदोष मनाया जाएगा।
