कांवड़ ड्यूटी : 14 दिन तक कोर्ट में नहीं होगी बंदियों की पेशी
एसएसपी ने न्यायालय और जेल प्रशासन को पत्र लिखकर बताई फोर्स की कमी
4 जुलाई से 18 जुलाई तक कोर्ट में पेश किए जाएंगे सिर्फ नैनीताल जिले के बंदी
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस बल की कमी झेल रही नैनीताल पुलिस को इन दिनों कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी कमी के चलते अब 4 जुलाई से 18 जुलाई के बीच बंदियों को बंदियों को कोर्ट पेशी पर नहीं ले जाया जाएगा। इसको लेकर एसएसपी पंकज भट्ट ने न्यायालय और जेल प्रशासन को पत्र लिखा है।
बता दें कि 4 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा में 150 से अधिक पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को कांवड़ ड्यूटी के लिए हरिद्वार भेज दिया गया है। पहले से ही फोर्स की कमी झेल रहे जिले में एक तिहाई पुलिस बल ही रह गया है। आलम यह है कि कुछ पुलिस चौकियों तो सिर्फ दो और तीन सिपाहियों के भरोसे चल रही हैं।
इसे देखते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने जेल प्रशासन और न्यायालय को पत्र लिख कर कहा है कि 4 जुलाई से 18 जुलाई तक पुलिस फोर्स ड्यूटी कांवड़ यात्रा में लगी है। ऐसे में जेल में बंद दूसरे प्रदेश और दूसरे जिलों के बंदियों व कैदियों को कोर्ट पेशी के लिए पुलिस फोर्स नहीं मिल पाएगा।
पुलिस सिर्फ जेल में बंद नैनीताल जिले के कैदियों को ही पेशी में ले जाएगी। जेल अधीक्षक प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि एसएसपी का पत्र मिला है। पत्र में फोर्स की कर्मी का हवाला देते हुए नैनीताल जिले को छोड़कर अन्य जिले और अन्य राज्यों के कैदियों को पेशी में नहीं ले जाने की बात कही गई है। कहा कि इनके लिए ऑनलाइन पेशी का निवेदन कोर्ट से किया जा रहा है।
