हल्द्वानी: लड़की ने बनाया अश्लील वीडियो, लड़के से ठग लिए पौने 2 लाख रुपये
व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर लकड़ी ने बनाया था वीडियो
यू-ट्यूब पर वीडियो वायरल होने की बात कह कर की ठगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर एक लड़की ने लड़के के साथ अश्लील वीडियो बना लिया और फिर वीडियो यू-ट्यूब पर वायरल होने की बात कहकर पौने 2 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। लड़के को इसका एहसास तब हुआ, जब उससे और 5 लाख रुपये मांगे गए। काठगोदाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में गौलापार निवासी युवक ने कहा, बीती 26 जून को उसे व्हाट्सएप पर एक अज्ञात युवती की वीडियो कॉल आई और उसने अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद एक और नंबर से युवक को फोन आया। फोन करने वाले ने लड़के से कहा कि उसका वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो रहा है।
फोन करने वाले ने युवक को यूट्यूब कार्यालय का मोबाइल नंबर भी दिया और कहा कि वह उक्त नंबर पर फोन कर वीडियो का प्रसारण बंद करा सकता है। जब युवक ने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो वाडियो डिलीट करने के एवज में उससे 1 लाख 85 हजार रुपये मांगे गए।
बदनामी से बचने के लिए युवक ने रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उसे अब अलग-अलग नंबरों से फोन किया गया और डराया गया कि जिस लड़की का वीडियो वायरल हुआ है वह मर गई है। लड़की ने उसके नाम का सुसाइड नोट छोड़ा है। लिहाजा वह 5 लाख रुपये देकर मामले को रफा-दफा कर सकता है। जिसके बाद युवक को ठगे जाने का एहसास हुआ और उसने काठगोदाम पुलिस को तहरीर दी।
यह भी पढ़ें: खटीमा: वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग अलर्ट
