हल्द्वानी: जालसाज महिला पर एक और एफआईआर, 10 लाख रुपये हड़पे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जालसाज महिला पूजा जग्गी पर एक और एफआईआर दर्ज हुई है। इस बार महिला ने एक सुनार से 10 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 
 

 पुलिस को दी तहरीर में शिव मंदिर नवाबी रोड निवासी सुमित वर्मा ने कहाकि उनकी लाइन नंबर 8 बनभूलपुरा में नित्या ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। आरोप है कि गली नंबर 4 रामपुर रोड निवासी पूजा जग्गी पुत्री पूरन लाल जग्गी उसकी दुकान में आभूषण खरीदने लंबे समय तक आती रही। इस बीच वह जेवरात घर ले जाती और उसकी रकम की अदायगी कर जाती।

इस बीच पूजा जग्गी पर उसका 9.68 लाख बकाया हो गया। पैसे मांगने पर वह टालामटोली करने लगी। बीती मार्च में पूजा अपने रिश्तेदार सुमित सिंह उर्फ बंटी के साथ दुकान में आई और अपना मकान बिकाऊ होने की बात कही। साथ ही कहा कि वह जेवरातों की बकाया राशि भी मकान की रकम में से जमा कर ले। इस बीच जमीन के कागजात देकर वह 50 हजार रुपये के आभूषण और ले गई।

साथ ही यह कहा कि उसकी मां शशि देवी के नाम पर दर्ज इस मकान की रजिस्ट्री वह उसके नाम कर देंगे। इसके कुछ दिन बाद जब उसने पूजा से संपर्क साधने का प्रयास किया तो मोबाइल नंबर बंद मिला। जब उसने उसके घर जाकर देखा तो वहां ताले लगे हुए मिले। पड़ोसियों से पता चला कि पूजा अपने परिवारजनों के साथ मिलकर मकान बेचने के नाम पर कई लोगों से ठगी कर चुकी है। इस मामले में पूर्व में भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। अब पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार