हल्द्वानी: स्टाइपेंड की मांग को लेकर नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन
एमबीबीएस छात्रों को देय स्टाइपेंड का 50 प्रतिशत देने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी के बीएससी नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से जल्द उनकी सुध लेने की मांग की।
एसटीएच में नारेबाजी करते हुए बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने कहा कि राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत एमबीबीएस के छात्रों को इंटर्नशिप अवधि में 17500 रुपये स्टाइपेंड दिया जाता है, लेकिन उन्हें कोई स्टाइपेंड नहीं मिलता है।
जबकि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने केंद्र सरकार के अधीन राजकीय नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को इंटर्रशिप के दौरान एमबीबीएस के छात्रों को देय स्टाइपेंड का 50 प्रतिशत देने का आदेश दिया है।
छात्रों ने कहा कि स्टाइपेंड की मांग को लेकर वह चिकित्सा स्वास्थ्य निदेशक व मंडलायुक्त से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली है। उन्होंने अब सरकार से एमबीबीएस छात्रों को देय स्टाइपेंड का 50 प्रतिशत देने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में उर्वशी शर्मा, रश्मि केसरवाल, मीना कुमारी, मानसी भट्ट, मनीषा, श्रद्धा पंवार, मुस्कान परगाई, प्रिया बानी, राहुल जायसवाल, उमेश, विनय, प्रेरणा, निशा, तनिष्का, मोनिका, नैना, रश्मि कांडपाल शामिल रहीं।
