नैनीताल: 25 करोड़ की लागत से बन रही सूखाताल झील बदहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। 25 करोड़ की लागत से बन रही सूखाताल झील प्रशासन की अनदेखी के चलते इन दिनों बदहाल स्थिति में है। झील में चारों तरफ सीवर और कचरे का अंबार लगा है। झील से दुर्गंध फैल रही है जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। 
 

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सूखाताल झील को विकसित व पुनर्जीवित करने के लिए 25 करोड़ की लागत से सूखाताल झील रिचार्जिंग जोन ट्यूरिस्ट डेस्टीनेशन का काम शुरू कराया था। लेकिन आधा काम होने के बाद इसे रोकना पड़ गया। इसके चलते वर्तमान में सूखाताल झील सीवर व कूडे़ से बदहाल हो उठी है।

झील और उसके चारों तरफ तेजी से बढ़ती गंदगी को देखकर स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत नगर पालिका से की। इसके बाद पालिका ने झील के चारों तरफ लगे कूड़े के ढेर को तो साफ करा दिया लेकिन झील में जा रही सीवर की समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ।

मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सफाई की जा रही है और लोगों से कूड़ा नालों में न फेंकने की भी अपील की जा रही है।

संबंधित समाचार