मुरादाबाद : 'ई-चालान तक ही नहीं रहेंगे सीमित, करेंगे कड़ी कार्रवाई'
आयुक्त बोले- डीआईजी व एसएसपी से हुई है वार्ता, निर्धारित करेंगे ई-रिक्शा रूट, सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी, हाईवे पर अवैध कट रोकने को लगाएंगे वालंटियर
मुरादाबाद, अमृत विचार। बढ़ते सड़क हादसों में कमी लाने को मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह बड़ी योजना तैयार कर रहे हैं। वह अपनी रणनीति को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने की तैयारी में लगे हैं। सड़क पर व्याप्त समस्याओं को समाप्त करने में वह बजट मिलने का अधिक इंतजार न कर विभिन्न विभागों में उपलब्ध संसाधनों के सहयोग से ही दुर्घटनाओं को रोकने वाले कार्याें को पूरा कराने की तैयारी कर रहे हैं।
बातचीत में मंडलायुक्त ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल ई-चालान तक ही सीमित नहीं रहेंगे बल्कि, दूसरों की जिंदगी को खतरा बनने वालों पर वह एफआईआर दर्ज कराने जैसी कार्रवाई कराएंगे।
मंडलायुक्त का कहना है कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, सड़क सुरक्षा वाले कार्यों में जो समयबद्धता होनी चाहिए, वह पूरी तरह से नहीं है। बताया, अभी वह ट्रांजेक्शन फेज में है। अतिरिक्त बजट की उम्मीद न कर स्थानीय संसाधन से काम कर रहे हैं। दुर्घटनाओं और जाम से छुटकारा दिलाने को उन्होंने पहली प्राथमिकता बताई है। उन्होंने कहा, वाहनों की ओवर स्पीड को कंट्रोल करेंगे। नगर निगम के महापौर से दो डिवाइस स्पीड नियंत्रण व एक वैन के लिए अनुरोध किया है। कहा कि स्टेट हाईवे पर डिवाइडर न होना भी सड़क हादसों को रोकना चुनाैतीपूर्ण है।
हाईवे पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, वालंटियर भी करेंगे निगरानी
मंडलायुक्त ने बताया, उनका मुख्य फोकस नेशनल हाईवे पर भी है। हाईवे से निकलने वाले संपर्क मार्गों पर भी खतरा रहता है। हाईवे पर अवैध कट बड़ा विषय है। कई बार हमने (कमिश्नर) कट बंद भी कराए हैं। उन्होंने कहा, अब हर जगह प्रशासन कैमरा नहीं लगा सकता। लेकिन, जहां बाजार हैं, वहां नगर निगम व नगर पालिका व्यापार मंडल से बात कर कैमरे लगाएंगे। हाईवे पर जिन अवैध कट वाले स्थान पर बाजार नहीं है, वहां प्रशासन अपने संसाधन से कैमरे लगवाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कोई भी पार्षद गली या वार्ड में कैमरा लगवाने के लिए प्रस्ताव देता है और उस पर नगर निगम सहमति व्यक्त करता है तो इस तरह का कोई भी प्रस्ताव वह नहीं मानेंगे। अवैध कट रोकने के लिए मंडलायुक्त वालंटियर तैयार करने की बात कह रहे हैं।
जुगाड़ वाले वाहन चालकों पर मंडलायुक्त की नजर
मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने अवैध ई-रिक्शा को शहर से बाहर कर देने की बात बताई है। कहा, शहर में अब अवैध ई-रिक्शा बहुत कम रह गए हैं। बताया कि ई-रिक्शा के रूट निर्धारण को उनकी डीआइजी व एसएसपी से बात हुई है। ‘’जुगाड़’’ वाले वाहनों पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं का दूसरा कारण मार्गों से अतिक्रमण व वाहन की ओवर स्पीड, सड़क पर स्टंटबाजी भी बताई। कहा, मार्ग से अतिक्रमण हटा रहे हैं। कहा, कई बार उन्होंने खुद ओवरस्पीड व स्टंटबाजी वाले वाहन चालकों का ई-चालान कराया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : तीन चीनी मिलों पर किसानों का 115 करोड़ बकाया, चार माह बाद शुरू होना है नया पेराई सत्र
