Sawan 2023: Auraiya में सावन के पहले दिन शिवलयों में भक्तों की उमड़ी भीड़, बम-बम भोले के नारों से गूंज उठे शिवालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में सावन के पहले दिन शिवलयों में भक्तों की उमड़ी भीड़।

औरैया में सावन के पहले दिन शिवलयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। बम-बम भोले के नारों से शिवालय गूंज उठे।

औरैया, अमृत विचार। सावन माह के पहले दिन जिले के शिवालयों और अन्य मंदिरों में भोले के भक्तों की भीड़ रही। सुबह से ही भगवान शिव की प्रतिमा पर जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की कतार लगी रही। शहर देवकली मंदिर में सुबह से देर शाम तक भोले के जयकारे लगाते हुए पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का रूद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की दुआएं मांगी।

श्रद्धालु सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। पुजारियों और ज्योतिषियों के अनुसार सभी की मनोकामना पूर्ण करने वाले भगवान शिव की पूजा करने का सावन महीने में विशेष महत्व माना गया है। इस माह का हर दिन भगवान शिव की पूजा के लिए पवित्र होता है। हिदू मान्यताओं के अनुसार यदि शिव भगवान को प्रसन्न करना है तो सावन माह में पूरे विधि विधान के साथ उनकी पूजा जरूर करनी चाहिए।

मान्यता है कि यदि कोई श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ भोलेनाथ की आराधना करता है तो उसकी मनोकामना पूर्ण होती है। पौराणिक मान्यता है कि राजा दक्ष के यज्ञ में आत्मदाह करने के बाद माता सती का दूसरा जन्म माता पार्वती के रूप में हुआ था। माता पार्वती ने शिवजी को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। सावन माह में शिवजी ने माता पार्वती से विवाह किया था। इसलिए उन्हें यह माह प्रिय है। औरैया शहर के अलावा बिधूना, दिबियापुर, फफूंद, अजीतमल, अछल्दा, सहार, सहायल में भी शिवालयों में पूरे दिन बम-बम भोले के जयकारे गुंजायमान रहे।

संबंधित समाचार