सुलतानपुर: अखंडनगर में डबल मर्डर से सहमा जिला, बदमाशों ने दो किसानों को गोलियों से किया छलनी, मौत
सुलतानपुर/अमृत विचार। जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के मरूई कृष्णदासपुर गांव में खेत की सिंचाई करने गए दो किसानों को बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर दिया। उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। दोनों किसान पड़ोसी थे। डबल मर्डर की सूचना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने गहनता से जांच पड़ताल करते हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसपी सोमेन बर्मा को निर्देशित किया।
मामला जिले के पूर्वी क्षोर के अंतिम थाना अखंडनगर के मरूई कृष्णदासपुर गांव का है। यहां सोमवार की रात करीब 12 बजे के आसपास गोलियां की तड़तड़ाहट की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव के किसान धर्मराज मौर्य (60) और विजय कुमार राजभर (45) का खेत आस पास से लगा हुआ है। दोनों की पुरानी दोस्ती भी है। बताया गया कि हर रोज की तरह सोमवार रात भी दोनों अपने-अपने घर से भोजन कर खेत पर पहुंचे।
सिंचाई करने के बाद वहीं पर चारपाई पर सो गए। आधी रात बदमाश खेत पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। पुलिस की मानें तो बदमाशों ने कम से कम चार-चार राउंड फायरिंग की। दोनों के सीने और कमर में गोली लगी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर खेतों की तरफ गए। वहां पर चारपाई में दोनों किसान मृत अवस्था में पड़े थे। आस पास खून फैला था।
उधर, गांव वालों के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने सूचना थाने व एम्बुलेंस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया, लेकिन उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। तब तक किसानों के परिवार भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टर के मृत घोषित करते ही परिवारीजन में कोहराम मच गया।
वहीं, दोनों किसानों की मौत से रात में ही गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसे देखते ही कई थानों की फोर्स बुलाई गई। रात में ही एसपी सोमेन बर्मा, एएसपी विपुल श्रीवास्तव और सीओ कादीपुर शिवम मिश्रा मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम में भेजा है।
मौके पर पहुंचे आईजी, ली घटना की जानकारी
सूचना पाते ही मंगलवार को आईजी प्रवीण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी सोमेन बर्मा समेत अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव से चल रही तफ्तीश के बारे में पूछताछ की। पीड़ित पक्ष के मुताबिक अज्ञात बदमाश गोली मारकर रात में ही फरार हो गए थे।
एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि मृतक विजय के भाई तिलक राजभर और मृतक धर्मराज मौर्या के बेटे शिवशंकर की एक ही तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : बृजलाल खाबरी ने BJP पर साधा निशाना, कहा - सरकार की नाकामियों का परिणाम भुगत रही जनता
