हल्द्वानी: सिल्ट आने से शहर के कई इलाकों में पानी आपूर्ति ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने से मित्र कॉलोनी, कपिल कॉलोनी, वसंत विहार सहित कई कॉलोनियों में नहीं पहुंच रहा पानी

कभी निजी टैंकर मंगाकर तो कभी 2- 3 किमी दूर से स्कूटी और साइकिल में ला रहे हैं पानी

हल्द्वानी, अमृत विचार। वार्ड नं. 50 के कई क्षेत्रों में पानी नहीं आ रहा है। क्षेत्र के कपिल कॉलोनी, मित्र कॉलोनी, वसंत विहार सहित कई कॉलोनियों में पानी नहीं आ रहा है। कपिल कॉलोनी के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बीते कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने बताया कि निजी खर्च पर टैंकर मंगवाना पड़ रहा है।

लोगों ने बताया कि अधिकारी कभी पानी नहीं आने का कारण लाइन में काम चलने का हवाला देते हैं तो कभी फिल्टर प्लांट में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने से पानी की आपूर्ति बाधित होने की बात कही जाती है।

मित्र कॉलोनी और कपिल कॉलोनी के लोगों से बातचीत की तो उन्होंने अपना दर्द बयां किया। बताया कि जून शुरू होते ही पानी की किल्लत से परेशान हैं। लेकिन विभाग है कि सुनने को तैयार नहीं है।

लोगों ने बताया कि क्षेत्र में गौला से सीधे पानी की आपूर्ति के साथ ही ट्यूबवेल से भी पानी की आपूर्ति होती है लेकिन न तो गौला के पानी की आपूर्ति हो रही है और कभी - कभार ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति हो रही थी अब वह भी बंद हो गई है। अपनी जेब से पैसा खर्च कर टैंकर मंगाना पड़ रहा है। पार्षद नीमा भट्ट ने बताया कि पूर्व में भी अधिकारियों से शिकायत की थी तब विभाग ने वैकल्पिक तौर पर टैंकर भेजा लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। 

 
लोगों से बातचीत 

 
कॉलोनी में गौला के पानी की आपूर्ति के साथ ही ट्यूबवेल से भी पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन पिछले एक माह से पानी नहीं मिल रहा है। ट्यूबवेल का पानी कभी कभार केवल 10 मिनट के लिए आता था लेकिन अब वह भी नहीं आ रहा है। विभाग के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। 
- रीता पंत, कपिल कॉलोनी निवासी 
 
शुरू के घरों में मोटर चलाने पर लोगों को पानी मिल जाता है। लेकिन अंतिम छोर पर स्थित घरों को पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिकांश लोग किराए में रह रहे हैं जिनको 2 किलोमीटर दूर दूसरे ट्यूबवेल से पानी लाना पड़ रहा है। 
-सीपी जोशी, कपिल कॉलोनी निवासी  

मित्र कॉलोनी में पानी नहीं आ रहा है। गौला के पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन कई दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। लोग साइकिल,  स्कूटी में 2- 3 किलोमीटर दूर से बाल्टी में पानी भरकर लाने को मजबूर हैं। 
-बिशन सिंह लटवाल, मित्र कॉलोनी निवासी

सुबह - शाम दोनों समय पानी नहीं आ रहा है। संबधित जेई को समस्या से अवगत कराया तो उन्होंने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में पानी की समस्या है जो कि इस समय आम है। प्राइवेट टैंकरों से पानी मंगाना पड़ रहा है। कॉलोनी में लाइन में लीकेज होने पर कर्मचारी अस्थायी तौर पर उसको जोड़कर चले जाते हैं जिससे बाद में फिर लीकेज होने लगता है। 
- सिद्धांत, मित्र कॉलोनी निवासी 

जून से पानी नहीं आ रहा है। बीते दिनों अधिकारियों ने सिल्ट के कारण पानी की आपूर्ति नहीं होने का हवाला दिया था। पार्षद के सहयोग से टैंकर से पानी मंगा रहे हैं। निजी खर्च पर टैंकर मंगाकर भी पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। विभाग को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। 
- योगिता, कपिल कॉलोनी निवासी

Nainital Landslide: भूस्खलन की जद में नैनीताल, फिर भी धड़ल्ले से हो रहे अवैध निर्माण
 
 

संबंधित समाचार