लखनऊ: महापंचायत कर किसानों ने भरी हुंकार, पहुंचे अधिकारी, आयुक्त कार्यालय कूच करने से रोका
लखनऊ/अमृत विचार। सीतापुर रोड योजना से प्रभावित किसानों ने महापंचायत की। जिनके समर्थन में आसपास जिलों के किसान शामिल हुए और एकजुट होकर मंडलायुक्त कार्यालय कूच की तैयारी की। जानकारी पाकर एलडीए के अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और आश्वासन देकर रोका।
सीतापुर रोड स्थित बासमंडी में किसान यूनियन (राजू गुप्ता संगठन) की तरफ से 25 मई से किसान धरने पर बैठे हैं। जो सीतापुर रोड योजना में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा व भरण-पोषण के लिए चबूतरे की मांग कर रहे हैं। यह मामला करीब 10 साल से लंबित हैं। जिसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
इस धरने में भी सुनवाई नहीं हुई तो मंगलवार को यूनियन के जिला प्रभारी रमेश राजपूत ने महापंचायत शुरू कर दी। जिसमें लखनऊ के अलावा हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, लखीमपुर खीरी व आसपास जिलों से पदाधिकारी व किसान पहुंचे। जिसमें महिलाएं भी रहीं। एकजुट होकर नारेबाजी की और एलडीए पर अनदेखी का आरोप लगाया।
जिला प्रशासन व एलडीए से सुनवाई न होने पर मंडलायुक्त से मिलने के लिए उनके कार्यालय कूच करने की योजना बनाई। जिसकी जानकारी होते हुए एलडीए के तहसीलदार शशिभूषण पाठक अन्य अधिकारियों व पुलिस बल के साथ पहुंचे। किसानों को समझाकर शांत कराया। रमेश ने बताया कि तहसीलदार ने 15 जुलाई को मंडलायुक्त से वार्ता कराने की बात कही है। लेकिन, जब तक हल नहीं निकलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : बृजलाल खाबरी ने BJP पर साधा निशाना, कहा - सरकार की नाकामियों का परिणाम भुगत रही जनता
