शाहजहांपुर: कांवड़ यात्रा की सुरक्षा का एडीजी-कमिश्नर ने लिया जायजा
रामगंगा नदी किनारे जाकर देखी व्यवस्था, जलालाबाद कोतवाली में की बैठक
शाहजहांपुर/जलालाबाद, अमृत विचार। सावन महीने में शिव मंदिरों और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का मंगलवार को एडीजी पीसी मीणा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने जायजा लिया। डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा के साथ दोनों अधिकारियों ने कोतवाली जलालाबाद में बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इसके अलावा रामगंगा नदी किनारे जाकर कांवड़ यात्रा के लिए जल भरने वाले स्थलों का जायजा लिया और पटना देवकली स्थित पौराणित शिव मंदिर की भी सुरक्षा व्यवस्था देखी।
बता दें कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए जिले को सात जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। 33 स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे और नियमित कंट्रोल रूम से यात्रा की मॉनीटरिंग की जाएगी। जलालाबाद कोतवाली में समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर सौंया अग्रवाल को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि समय से सभी तैयारी पूरी कर ली जाएं। चार जुलाई से 31 अगस्त तक कांवड़ यात्रा निकलेगी। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में कोतवाली जलालाबाद में मंगलवार को बैठक हुई। बैठक के दौरान उन्होने श्रावण मास, कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली और कमेटी के सदस्यों से तैयारियों के संबंध में फीड बैक भी लिया।
उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अशोक कुमार मीणा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत कांवड़ मार्ग को सात जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। संवेदनशील स्थलों पर दोनों पालियों में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है।
डीजे संचालकों से संपर्क कर रोकथाम की जा रही है कि किसी प्रकार का भड़काऊ, अश्लील, सांप्रदायिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने न चलाए जाएं। डीजे की ऊंचाई सीमित रखी जाये। कांवड़ यात्रा मार्ग के पास ही जन सहयोग से श्रद्धालुओं के विश्राम की व्यवस्था करने के लिए पीस कमेटी की बैठक कर व्यवस्था की गई है।
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर मंदिरों, जलाशयों में साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि की समुचित व्यवस्था कर ली गई है। कावंड़ियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित शिविरों में खान-पान, प्याऊ आदि की समुचित व्यवस्था करायी जा रही है। अधीक्षण अभियंता- विद्युत को रास्ते में पड़ने वाले जर्जर विद्युत पोलो को ठीक कराने और ट्रांसफार्मरों को जाली से कवर करने के लिए कहा गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भोजनालयों और दुकानों की नियमित चेकिंग करने के लिए कहा गया। मोबाइल टॉयलेट को यात्रा मार्ग पर लगाया गया है। कांवड़ यात्रा के समय तेज आवाज में ध्वनि यंत्रों का प्रयोग न करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण संजीव बाजपेयी आदि रहे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ट्रक बैक करते समय दादी-पोती की दबकर मौत, चालक फरार
