बरेली: परीक्षा के दूसरे दिन 1031 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा के दूसरे दिन भी केंद्रों पर अव्यवस्थाएं दूर नहीं हुईं। परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ते ही बरेली कॉलेज जैसे बड़े केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गईं। नोटिस बोर्ड पर सीटिंग प्लान देखने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा के दूसरे दिन भी केंद्रों पर अव्यवस्थाएं दूर नहीं हुईं। परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ते ही बरेली कॉलेज जैसे बड़े केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गईं। नोटिस बोर्ड पर सीटिंग प्लान देखने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ जुटती रही। परीक्षा के लिए 20,647 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1031 अनुपस्थित रहे।
बुधवार की सुबह 7 बजे की पाली में एमए-एमएससी मैथमेटिक्स, एमए-उर्दू, भूगोल, एजुकेशन, एमकॉम की परीक्षा थी। बरेली कॉलेज परीक्षा केंद्र पर तलाशी के दौरान परीक्षार्थियों की लंबी लाइन लग गई। तलाशी और थर्मल स्क्रीनिंग के नाम पर खानापूर्ति कर छात्रों को एंट्री दी जाती रही। वहीं, नोटिस बोर्ड के पास जो भीड़ जुटी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना जरूरी नहीं समझा गया। कुछ केंद्रों पर सैनेटाइजर न होने की शिकायतें भी विवि पहुंची हैं। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक हुई, सचल दल सक्रिय है। नकल का कोई मामला सामने नहीं आया।
तीन सचल दस्ते गठित
कोरोना के भय के कारण शिक्षक परीक्षार्थियों की तलाशी का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। आंतरिक सचल दस्ते ठप हैं। इस बीच विवि ने तीन केंद्रीय सचल दल बनाए हैं, जो केंद्रों पर औचक छापेमारी करेंगे। सचल दल के एक सदस्य बताते हैं कि पीपीई किट के बिना सचल दल प्रभावी तरीके से जांच नहीं कर पाएगा। विवि को संक्रमण से बचाव के उपकरण उपलब्ध कराने चाहिए। वरना नकलविहीन परीक्षा कराना चुनौतीपूर्ण होगा।
पांच नए परीक्षा केंद्र बनाए
रुविवि ने प्रोफेशनल कोर्स के परीक्षा केंद्रों में फेरबदल किया है। पांच नए केंद्र बढ़ने से केंद्रों की संख्या 51 हो गई है। 11 सितंबर से विवि की प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं।
