पीलीभीत: कसा शिकंजा...मासूमों की डूबकर मौत मामले में भट्ठा मालिक पर रिपोर्ट, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत /अमरिया, अमृत विचार। अवैध खनन के बाद छोड़े गए दस फिट गहरे गढ्ढे में भरे पानी में डूबकर तीन मासूमों की मौत के मामले में दूसरे दिन कानूनी कार्रवाई की गई। मृतक के चाचा से मिली तहरीर पर अमरिया पुलिस ने नेहा ब्रिक फील्ड के स्वामी ( भट्ठा मालिक) पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसी के साथ इसके बारे में जानकारी कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। 

हादसा अमरिया थाना क्षेत्र के गांव कैंचूटांडा में मंगलवार शाम को हुआ था। भट्टा मालिक द्वारा कराए गए खनन के बाद दस फिट गहरा गढ्ढा छोड़ दिया गया था। जिसमे डूबकर गांव के ही भूरा का 14 वर्षीय पुत्र मुस्तकीम, नाजिम का आठ वर्षीय पुत्र अयान और छोटन के दस वर्षीय पुत्र रानू की मौत हो गई थी। जबकि रानू का भाई शानू  बच गया था।

मृतक आपस में चचेरे तहेरे भाई थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासनिक अफसर मौके पर गए और जानकारी की थी। भट्टा मालिक की लापरवाही भी खुलकर सामने आई थी। इसे लेकर ग्रामीणों में भी रोष था। मामले में परिवार के ही असलम ने तहरीर दी। जिसमे बताया कि अवैध खनन के बाद छोड़े गए गढ्ढे में बारिश का पानी भर गया था।

जिसके बाद उनके भतीजे पैर फिसलने से इसमें गिर गए और तीनों की मौत हो गई। मौत के पीछे नेहा ब्रिक फील्ड के स्वामी को जिम्मेदार ठहराते हुये सख्त कार्रवाई की मांग की। अमरिया पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। उधर, पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। 

सुपुर्द ए खाक किए शव, उमड़ी भीड़
हादसे के बाद से ही तीन मासूमों की मौत को लेकर ग्रामीण गमगीन थे। दूसरे दिन बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार के गम में शामिल हुए। सुबह से ही मृतक के घर के बाहर भीड़ जमा रही। लोग परिजन को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। तीनों को सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान भारी भीड़ रही।

सपा नेता पहुंचे गांव और बंधाया ढांढस
अमरिया के कैंचूटांडा गांव में हुए हादसे को लेकर बुधवार को सपा नेता भी गांव पहुंचे। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, महासचिव नफीस अहमद अंसारी, उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्र कट्टर, विधानसभा अध्यक्ष असलम जावेद, जगजीत सिंह, लखविंदर सिंह आदि ने हादसे की जानकारी की। पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर  शोक संवेदना व्यक्त की व ढांढस बंधाया

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 13 साल पुराने मामले में अब दरोगा और सिपाहियों पर चलेगा हत्या का मुकदमा..जानिए मामला

संबंधित समाचार