उन्नाव में गंगा का जलस्तर घटने-बढ़ने से कटरी वासियों में बढ़ा डर, आबादी के पास तक हुई कटान
अमृत विचार, उन्नाव। उन्नाव के गंगाघाट में गंगा नदी का जलस्तर लगातार घटने-बढ़ने से कटान शुरू हो गई है। एक सप्ताह पूर्व गंगा बैराज बांध से पानी छोड़े जाने से अचानक जलस्तर बढ़ गया। इस कारण चंपा पुरवा में कटान शुरू हो गई। जिससे क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि अभी रविदास नगर समेत तमाम कटरी क्षेत्रों में कटान से लोगों को राहत है।
बता दें कि विगत कई वर्षों से गंगा किनारे बसे रविदास नगर, चंपापुरवा व गोताखोर समेत तमाम मोहल्लों में कटान हो रही है। जिस कारण कटान अब बस्ती के करीब है। सावन मास शुरू होते ही एक बार फिर से स्थानीय लोगों को कटान का भय सताने लगा है। एक सप्ताह पूर्व गंगा बैराज बांध से छोड़े गए पानी की धारा सीधे चंपापुरवा व गोताखोर बस्ती के सामने जाकर टकराई थी। जिस कारण तेजी से कटान शुरू हो गई है।
पिछले कई सालों से कटान होने पर करीब 500 मीटर गंगा कटकर बस्ती की ओर बढ़ चुकी हैं। यदि प्रशासन ने जल्द कटान रोकने के प्रयास तेज नहीं किये तो बस्ती में रहने वाले हजारों परिवारों के लिये खतरा बढ़ सकता है। वहीं रविदास नगर में जिला प्रशासन द्वारा जिओ बैग डालकर कटान रोकने का कार्य किया गया था। जो वर्तमान में फटने लगे हैं। रविदास नगर स्थित श्याम घाट के बबलू पंडित ने बताया कि अभी हाल में ही लखनऊ से आए अधिकारियों ने गंगा किनारे बैरीकेडिंग कराने की बात कही है।
ये भी पढ़ें -हरदोई : 19 घंटे बाद गर्रा नदी से बरामद हुआ युवक का शव
