काशीपुर: हाईवे पर जाम लगाने के आरोप में 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। प्रतापपुर पुलिस चौकी के सामने शव रखकर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सड़क जाम करने का आरोप है। सड़क जाम करने वाले लोगों ने मृतक प्रदीप थापा की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव सहित प्रतापपुर चौकी पहुंचे थे।

बता दें कि 5 जुलाई 2023 की सुबह प्रतापपुर में टीचर्स कालोनी को जाने वाले मार्ग के पास गड्ढे में प्रदीप थापा का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतक प्रदीप का शव भी परिजनों को सौंप दिया था। लेकिन परिजन अन्तिम संस्कार करने की बजाए दोपहर तीन बजे शव को लेकर प्रतापपुर चौकी पहुंच गए और गोशाला रोड़ पर चौकी के सामने शव रखकर हेमपुर डिपो और रामनगर-काशीपुर का मुख्य हाइवे बाधित कर दिया।

इससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस के काफी समझाने पर भी वह नहीं माने। एसआई मनोज जोशी की तहरीर पर पुलिस ने जाम लगाने के आरोपी अन्नू उर्फ त्रिलोक भट्ट, राजेश सिंह, गीता, रीमा, विनोद, विमला देवी, रोहित, गौतम, सूरज थापा, पवन कुमार, करन सिंह व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार