संभल: जहरीले कीड़े के काटने से बालक की मौत, परिजनों में कोहराम
संभल/धनारी, अमृत विचार। धनारी थाना में आंगन में चारपाई पर सो रहे सात साल के बच्चे के पैर में जहरीले कीड़े ने काट लिया। इससे मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव खलीलपुर निवासी सत्यवीर सिंह किसान हैं। उनका सात साल का बेटा पवन कुमार गुरुवार की रात परिजनों के आंगन में चारपाई पर सो रहा था। शुक्रवार सुबह किसी जहरीले कीड़े ने पवन कुमार के पैर के अंगूठे में काट लिया।
इसके बाद वह दर्द से छटपटाने लगा। सर्पदंश या अन्य किसी कीड़े द्वारा काटने की आशंका के चलते परिजन आनन फानन में पवन को डॉक्टर के पास ले गये। कुछ ही देर में बच्चा बेहोश हो गया। निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद परिजन पवन को बहजोई ले गये। तब तक उसके मुंह व कान से खून बहने लगा। डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सर्पदंश से किशोरी की मौत, मचा कोहराम
कुढ़फतेहगढ़: थाना क्षेत्र के गांव विचेटा काजी में सर्पदंश से किशोरी की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव विचेटा काजी निवासी अमर पाल का मकान गांव के बाहर सड़क किनारे है। उसने वहीं मैंथा प्लांट भी लगा रखा है। गुरुवार देर शाम अमरपाल की 15 वर्षीया बेटी मनीषा खाना बनाने के लिए उपले निकाल रही थी। तभी उसे सांप ने डस लिया। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए। आसपास के गांव में भी दिखाया लेकिन मनीषा ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को राजघाट गंगाघाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ये भी पढ़ें:- संभल कोषागार को प्रदेश में मिला तीसरा स्थान, जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को दिया कामयाबी का श्रेय
