लखनऊ : नदियों, तालाबों एवं ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगेंगे पौधे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मनरेगा के अन्तर्गत नदियों, तालाबों एवं ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों के किनारे पौधे लगाकर नन्दन वन, ग्राम वन व आयुष वन का विकास किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों व महिलाओं को भी जोड़ा जाएगा। व्यापक जन सहयोग एवं समुदाय को अभियान से जोड़ने के लिए बाल पौध रोपण भण्डारा का आयोजन भी किया जाएगा।

शुक्रवार को वन विभाग मुख्यालय में ‘अरण्य भवन‘ स्थित पारिजात कक्ष में ‘वृक्षारोपण जन अभियान-2023’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरूण कुमार सक्सेना ने बताया कि विभिन्न राजकीय विभागों व व्यापक जन सहयोग से पौध रोपण करने का मुख्य उद्देश्य वर्तमान व भावी पीढ़ी को स्वस्थ व संतुलित पर्यावरण उपलब्ध करवा कर प्रदेश व देश के विकास में उनका सहयोग प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि 35 करोड़ पौध रोपण अभियान में व्यापक जन सहयोग व समुदाय के सहभागिता की जरूरत है। 

लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, हाइवे तथा सम्पर्क मार्गों के दोनों किनारों पर उपलब्ध स्थानों पर छायादार, शोभाकार एवं स्थानीय मृदा व जलवायु के अनुरूप पौध रोपित करने का निर्देश दिए गए हैं। मात्र पौधारोपण कर ही जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती अपितु रोपित पौध की सुरक्षा व सिंचन भी सुनिश्चित करें ताकि रोपित पौधे वृक्ष का रूप धारण कर समाज को प्रत्यक्ष व परोक्ष लाभों से निरन्तर लाभान्वित करते रहें। इस मौके पर वन राज्यमंत्री केपी मलिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दूबे, अपर मुख्य सचिव वन मनोज सिंह, युवक मंगल दल, स्वयंसेवी संगठनों, लायन्स क्लब, रोटरी क्लब, व्यापार मण्डल, काष्ठ आधारित उद्योगों के प्रतिनिधियों एवं नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी व स्काउट गाईड के साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : कांस्टेबल ने पेश की मानवता की मिसाल, दुर्घटना में महिला को बचाया

संबंधित समाचार