रायबरेली में सिपाहियों पर पीड़ित को थाने में बंद कर पीटने का आरोप, नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन
रायबरेली, अमृत विचार। मारपीट के मामले में शिकायत करने थाना गए पीड़ित को सिपाहियों ने एक कमरे में बंद करके जमकर पिटाई की है । घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया है ,और मामले में सिपाहियों के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही करने के साथ मारपीट में आरोपित के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है।
मामला गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र के गांव डोमापुर का है। गांव के सजन पासी अपने दामाद मुकेश कुमार निवासी अहमदपुर के साथ गांव के पास एक होटल पर समोसा लेने गए थे। आरोप है कि जब वह समोसा लेकर घर पहुंचे तो ,देखा कि सारे समोसे से बदबू आ रही है। उसके बाद वह समोसा वापस करने पर दुकानदार के पास चले गए। जिसको लेकर दुकानदार से उनकी बहस हो गई।
आरोप यह भी है कि दुकानदार ने साथियों के साथ मिलकर ससुर और दामाद की जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की। पीड़ितों के आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, और पीड़ितों पर सुलह समझौता का दबाव बनाने लगे। पीड़ितों ने सुलह करने से इंकार कर दिया तो थाना के दो सिपाही उन्हे एक कमरे में ले गए और उनकी लात घूंसा और बेल्ट व बेंत से जमकर पिटाई की।
इस मामले की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीण उत्तेजित हो गए। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया है। ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ितों को पीटने वाले दोनो सिपाहियों को निलंबित करके उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हो। उनके साथ मारपीट करने वाले होटल संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया जाए और पुलिस की पिटाई से घायल पीड़ितों की डाक्टरी कराई जाए। पीड़ित पक्ष ने अपनी मांग से संबंधित एक पत्र भी एसपी को सौंपा है ।
ये भी पढ़ें - आगरा में पकड़ा गया यूपी से बांग्लादेश जा रहा नकली सीरप का जखीरा
