रामपुर: कोर्ट में पेश नहीं हुआ गवाह हामिद गोल्डन, परेशानी बढ़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस को घर में मिला गवाह, मां की तबीयत खराब होने का हवाला दिया

रामपुर, अमृत विचार।  कोर्ट में गवाही के लिए पेशी से बचने को अजमेर जाने की बात कहने पर गवाह हामिद गोल्डन की परेशानी बढ़ गई है। पुलिस को वह अपने घर व प्रतिष्ठान पर मिला। हालांकि गवाह ने मां की तबीयत खराब होने का हलावा देकर अगली तारीख पर कोर्ट में पेश होने का दावा किया है।
 
पूर्व सांसद मोहम्मद आजम खां व स्वार टांडा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम प्रकरण में नगर निवासी समाजवादी पार्टी के हामिद गोल्डन गवाह है। कोर्ट ने गवाही देने के लिए 6 जुलाई की तारीख दी थी, लेकिन आजम खां पक्ष के अधिवक्ता ने गवाह हामिद के अजमेर जाने की बात कह कर एक प्रार्थना पर कोर्ट में दिया था। तब कोर्ट ने 7 जुलाई को गवाही के लिए पुनः तारीख दी थी।

 इस दिन आजम खां पक्ष के अधिवक्ता ने एक बार फिर से हामिद के अजमेर में होने का प्रार्थना पत्र कोर्ट में दिया था। दूसरे पक्ष के अधिवक्ता ने गवाह को जानबूझ कर गवाही के लिए न बुलाने का आरोप लगाकर मामले को बेवजह लंबित करने की आपत्ति जाहिर की। तब पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने हामिद के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तो पचा चला कि हामिद गोल्डन अजमेर नहीं गए हैं। वह अपने घर एवं अपने प्रतिष्ठान पर हैं। 

इस पर पुलिस ने हामिद के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर उनके नगर में ही होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। आजम पक्ष के अधिवक्ताओं द्वारा कोर्ट में गवाह के अजमेर जाने के लिए दिया गया प्रार्थना पत्र झूठा साबित हुआ।

 अब हामिद भी असमंजस कि स्थिति में है। उसका कहना है कि अधिवक्ताओं से अजमेर जाने के लिए हाजिरी माफी के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देने के लिए कहा था, लेकिन अपनी मां की अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह अजमेर नहीं जा सका। कोर्ट में झूठा प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। कोर्ट द्वारा दी गई अगली तारीख में गवाही के लिए जाऊंगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: सरयू नदी में नहाने गया युवक डूबा, तलाश जारी

संबंधित समाचार