Bajpur News: अपहरण के आरोपियों की गिरफ्तारी पर कोतवाल से की मुलाकात, गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
बाजपुर, अमृत विचार। आलू के थोक व्यापारी के अपहरण मामले में नामजद नगर पंचायत मसवासी स्वार रामपुर उप्र के पूर्व चेयरमेन हरिओम मौर्य सहित 8 आरोपियों की गिरफ्तारी करने व पीड़ित पक्ष पर दर्ज क्रास केस को निरस्त करने की मांग को लेकर एक पक्ष ने कोतवाल से मुलाकात की।
रविवार को भाजपा नेता विमल शर्मा की अगुवाई में लोग कोतवाली पहुंचे और कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर न्याय की गुहार गाई। इस दौरान वार्ड नंबर-एक मोहल्ला मझरा-प्रभु बाजपुर निवासी शिव शंकर सैनी पुत्र स्व. मोहन लाल ने बताया कि वह सब्जी की आढ़त का संचालन करता है। 28 जून को आढ़त पर पंचायत के दौरान आरोपी हरिओम मौर्य आदि से विवाद हो गया था जिसमें इन लोगों द्वारा शिव शंकर व उसके साथियों के साथ मारपीट की गई थी जिसमें आरोपितों पर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज है।
आरोप है कि 29 जून की देर रात करीब साढ़े 9 बजे दो गाड़ियों में सवार होकर आए हरिओम मौर्य पुत्र स्व. रामकिशोर, मंयक मौर्य पुत्र हरिओम मौर्य, आकाश मौर्य पुत्र स्व.राम किशोर मौर्य, रवि मौर्य पुत्र आकाश मौर्य, पुलकित मौर्य पुत्र मदन मौर्य, दीपक मौर्य पुत्र मदन लाल, कमल मौर्य पुत्र स्व.राम किशोर, जॉन मौर्य पुत्र स्व. चंद्रप्रकाश मौर्य आदि ने गाली-गलौज व मारपीट करते हुए जबरदस्ती तमंचे एवं रायफल दिखाकर अपनी गाड़ी में डाल दिया और मारपीट करते हुए अपने घर ग्राम मसवासी ले गए।
वहां फिर से व्यापारी के साथ करीब 15 मिनट तक मारपीट की गई। इस मामले में भी पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस पर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि नामजद आरोपियों की धरपकड़ को गठित पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, जल्द ही पुलिस उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल कर लेगी। इससे पहले इन लोगों ने श्रीरामलीला परिसर में बैठक की गई थी।
यह भी पढ़ें- बाजपुरः नाले में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये भेजा, शिनाख्त में जुटी पुलिस
