Kanpur Dehat News : मायके से एक दिन पहले आई नवविवाहिता ने फंदा लगा दी जान, मृतका ससुराल नहीं आना चाहती थी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में मायके से एक दिन पहले आई नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी।

कानपुर देहात में मायके से एक दिन पहले आई नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। रविवार रात ताजपुर तरसौली  गांव में एक दिन पहले ससुराल आई नवविवाहिता ने दुपट्टे से फंदा बनाकर जान दे दी। मृतका ससुराल नहीं आना चाहती थी। इसी को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन मायके वालों ने उसे ससुराल भेज दिया। यहां आकर उसने अपने पति को बाजार में सब्जी लेने भेजा और फंदे पर लटक गई।

ताजपुर तरसौली निवासी राम शंकर के एकलौते पुत्र शेर सिंह का विवाह धन्नीनिवादा इकघरा निवासी स्वर्गीय लालाराम की 19 वर्षीय पुत्री सोनी के साथ गत 4 मई को हुआ था। विवाह के बाद मायके गई पत्नी को शनिवार शाम को ही उसका पति ले आया था। सोनी ससुराल आने से मना कर रही थी, लेकिन मां शांती देवी व अन्य परिजनों के समझाने पर वह चली आई। रविवार को उसने पति शेर सिंह को नारखास बाजार सब्जी लाने के लिए भेज दिया। उस समय सास जगरानी व ससुर रामशंकर खेतों पर काम के लिए गए हुए थे।

इसी दौरान सोनी ने कुंडे में दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी पति को बाजार में मिली तो वह आनन फानन घर आया। जहां पत्नी को फांसी पर लटके पाया। उसने सूचना मायके व पुलिस को दी। मौके पर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह पहुंचे और मायके वालों की प्रतीक्षा करने लगे। रात करीब बारह बजे मृतका के चाचा रामदीनपुरवा रूरा निवासी रामेंद्र सिंह आए। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार