Bareilly: पिक्चर अभी बाकी है...आज पता चलेगा बारिश का असर
जिले में रामगंगा समेत 11 नदियों में लगातार पानी बढ़ने सैकड़ों गांवों पर मंडराने लगा है खतरा, प्रशासन अलर्ट पर
बरेली, अमृत विचार। भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी अलर्ट के मुताबिक हुई धुआंधार बारिश के बाद जिले में हालात संवेदनशील होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पहाड़ों पर बारिश जारी रहने की स्थिति में अगले 24 घंटे में रामगंगा समेत जिले की 11 नदियां उफान पर आ सकती हैं, साथ ही सैकड़ों गांव में जनजीवन संकट में पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह 8.30 से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और आंधी के पूर्वानुमान के साथ बरेली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने अलट्र जारी कर रामगंगा के आसपास के गांवों की निगरानी बढ़ाने को कहा है।
एसडीआरएफ-एनडीआरएफ और पीएसी को अलर्ट कर दिया गया है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे रामगंगा का जलस्तर 160.090 मीटर रिकार्ड हुआ जो खतरे के निशान से 2.98 मीटर दूर है। रविवार सुबह जलस्तर 160.120 मीटर था। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार 24 घंटे में बरेली में 13.2 मिमी बारिश हुई है।
रामगंगा ने 99 साल पहले पार किया था खतरे का निशान
प्रशासन के रिकार्ड के अनुसार 1924 में रामगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान पार कर 164.290 मीटर पहुंचा था। इससे जिले में भारी तबाही हुई थी। इसके बाद एक बार और खतरे का निशान पार कर जलस्तर 163.070 मीटर पर रिकार्ड हुआ। 2021 में रामगंगा का अधिकतम जलस्तर 162.130 मीटर और 2022 में 160.940 मीटर रहा।
11 नदियाें से 330 गांवों में बाढ़ का खतरा
बरेली, अमृत विचार: पहाड़ों पर लगातार बारिश से रामगंगा समेत जिले की 11 नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। भीषण बारिश के अलर्ट और साेमवार को बारिश से नदियों में उफान की आशंका बढ़ गई है। ये नदियां उफनाईं तो 330 राजस्व गांव खतरे में आ जाएंगे। इन गांवों को जिला प्रशासन चिह्नित भी कर चुका है। बाढ़ राहत के लिए प्रशासन ने 50 बाढ़ चौकियाें के साथ 28 शरणालय बनाए हैं।
नदी का नाम प्रभावित होने वाले राजस्व गांव
रामगंगा 174
देवहा 10
बहगुल 21
किच्छा 25
पनघैली 03
अप्सरा 04
कैलाश 04
पश्चिमी बहगुल 47
भाखड़ा 17
कुल्ली 15
सिघंईया 04
पीलाखार 05
धौरा 03
कुल 330
छह साल में सबसे ज्यादा बारिश 2021 में 1344 मिलीमीटर रिकार्ड हुई
वर्ष वर्षा (मिली मीटर) रामगंगा का जलस्तर अधिकतम जलस्तर की तारीख
2018 774.10 161.340 मीटर 1 सितंबर
2019 413 160.490 मीटर 23 अगस्त
2020 456 159.970 मीटर 29 अगस्त
2021 1344 162.130 मीटर 23 अक्टूबर
2022 535.50 160.940 मीटर 13 अक्टूबर
2021 में 162.130 मीटर रामगंगा का जलस्तर पहुंचा तो काफी तबाही हुई
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार 2021 में किच्छा नदी और कोसी नदी में अधिक जल प्रवाह के कारण रामगंगा नदी में बाढ़ की स्थिति रही थी। नदी के दायें किनारे पर स्थित एफलक्स बंध क्षतिग्रस्त हुआ था। गोकिलपुर ग्राम के किमी 7.950 से 8.100 एवं 6.600 किमी से 6.700 किमी तक में तीन दिन जलभराव की स्थिति रही थी। भगवानपुर-रूकमपुर तटबंध भी कई किलोमीटर तक क्षतिग्रस्त हुआ था। इस वजह से मीरगंज, आंवला और सदर तहसील क्षेत्र के गांवों में तीन दिन तक भीषण जलभराव की स्थिति रही थी।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रतिबंध के बाद भी कई क्षेत्रों में दौड़ रहे भारी वाहन, सावन में किया गया है रूट डायवर्जन
