रायबरेली: दोस्तों के साथ फॉर्म हाउस में पार्टी करने गए युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रायबरेली,अमृत विचार। रात में दोस्तों के साथ फार्म हाउस पर पार्टी करने गए युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सोमवार देर रात की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के जफर नगर निवासी आलोक सोनकर( 35 वर्ष ) पुत्र चंद्र शेखर सब्जियों का थोक व्यापार करते हैं।
सोमवार की देर शाम वह अपने दो दर्जन साथियों के साथ मिल एरिया कोतवाली क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस में पार्टी करने गए थे। देर रात उन्हे गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हे अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति ने अस्पताल में अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर गलत लिखाया है। जिसके कारण उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
उधर युवक की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया है। परिजनों ने आलोक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। अस्पताल मेमो की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। मृतक के साथ पार्टी में शामिल उसके दोस्तों का कहना है कि आलोक रास्ते में वापस लौटते समय खसपरी के जफरामऊ मोड़ पर हादसे का शिकार हो गया था। जिसके कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि घटना को लेकर जांच चल रही है। अस्पताल सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घायल युवक को अस्पताल लाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों के आरोपों की एक एक बिंदु पर जांच जारी है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: टूटी शादी तो सिरफिरे ने युवती पर फेंका तेजाब, जानें पूरा मामला
