अमरोहा: गजरौला में उफनाई गंगा नदी, बिजनौर बैराज से छोड़ा गया एक लाख क्यूसेक पानी, जलस्तर और बढ़ने का अनुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा। गजरौला में तिगरी गंगा नदी एक बार फिर उफान की ओर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास धीरे-धीरे पहुंच रहा है। बिजनौर बैराज से रोजाना छोड़े जा रहे पानी से गंगा के जलस्तर में इजाफा हुआ है। इससे न सिर्फ गंगा कटान शुरू हो गया है। कई खेतों में धीरे धीरे पानी घुसने से मुश्किलें पैदा होने लगी है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से बिजनौर जिले के बैराज में पानी ओवरफ्लो हो रहा है। 

जिस वजह से निर्धारित से अधिक मात्रा में पानी बैराज से डिस्चार्ज किया जा रहा है। बता दें कि मंगलवार को बिजनौर बैराज से 100675 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़कर 200.10 सेंटीमीटर पर पहुंच गया है। वहीं इससे पहले बीते सोमवार को 54896 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर 199.90 सेमी दर्ज किया गया था।

वहीं गंगा किनारे बसे गांवों में पानी की तेज धार ने अब कटान शुरू कर दिया है। उफनाती पानी की धार खेतों की तरफ तेजी से कटान कर रही है। इसके अलावा खादर क्षेत्र के शीशोवाली, दारानगर समेत अन्य कई गांवों के पास तक भी पानी पहुंच गया है। ऐसे में आबादी की चिंता बढ़ी है। जलस्तर के और बढ़ने पर पानी आबादी के बीच तक पहुंच जाएगा।

 ऐसे में किसानों व ग्रामीणों को आने वाले दिनों में खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आशंका है कि आज शाम या बुधवार की सुबह तक गंगा के जलस्तर और भी इजाफा हो सकता है। वहीं जेई बाढ़ खंड सुभाष कुमार ने बताया कि जलस्तर अभी बढ़ने की संभावना बनी हुई है। हालांकि अभी गंगा का जलस्तर खतरे के निशाने से दूर है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: वाहन ने कांवड़ियों को रौंदा, एक मौत, दो घायल 

संबंधित समाचार