लखनऊ: वीडियो बनाने से किया मना तो दबंगों ने इंजीनियर को जड़ा तमाचा, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। खुर्रमनगर फ्लाईओवर में गर्डर लॉचिंग का वीडियो बनाने से मना करने पर तीन दबंगों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता (एई) को दिनदहाड़े सरेराह पीटा और ताबड़तोड़ कई तमाचे जड़ दिये। थप्पड़ के कारण एई के कान का पर्दा तक फट गया। मामले को लेकर पीड़ित अभियंता ने गाजीपुर थाने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

लिखित शिकायत में पीडब्ल्यूडी के एनएच इकाई में कार्यरत पीड़ित अभियंता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि रिंग रोड पर ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से खुर्रमनगर में फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को आईसीसीएमआरटी कॉलेज चौराहे के पास गर्डर लांचिंग हो रही थी। इसी दौरान एक युवक निर्माण क्षेत्र के करीब आकर वीडियो बनाने लगा।

विकास ने युवक को दूर हटने को कहा तो वह गाली-गलौच करने लगा। कुछ देर बाद युवक वहां से चला गया। शाम करीब 7:00 बजे जब विकास काम खत्म होने के बाद गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो युवक अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और विकास पर तीनों ने ताबड़तोड़ तमाचे बरसाने शुरू कर दिये। जिससे विकास के कान का पर्दा फट गया।

शोर सुनकर गार्ड व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों दबंग मौके से भाग निकले। इसके बाद कर्मचारियों ने एई विकास को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गाजीपुर प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: टूटी शादी तो सिरफिरे ने युवती पर फेंका तेजाब, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार