देहरादून: देर रात यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लगी आग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। सोमवार रात सहसपुर बाजार में भीषण अग्निकांड हो गया। सहसपुर मुख्य बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में अचानक आग लग गई। किसी तरह आग पर जल्द काबू पा लिया गया। लेकिन बैंक के कुछ कंप्यूटर आग की चपेट में आ गए। आग के कुल कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी अभी तक प्राप्त नहीं हो पाई है। गनीमत रही कि आग लॉकर रूम तक नहीं पहुंची।

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब 9:20 बजे आसपास के लोगों को बैंक से धुंआ उठता हुआ दिखाई दिया। लोगों ने इसकी सूचना कुछ दूरी पर स्थित सहसपुर थाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी और एसएसआई प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल सूचना फायर बिग्रेड को दी। खबर लगने पर बैंक कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में ताला खोला गया।

तब तक मौके पर सेलाकुई से फायर ब्रिगेड के दो दमकल भी पहुंच गए। करीब एक घंटे चले अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। आग के कारणों की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: मलबा आने से गंगोत्री-यमुनोत्री धाम मार्ग हुआ बाधित, मलबे की चपेट में आए 3 वाहन

 

 

संबंधित समाचार