अमरोहा : कांवड़िए की मौत के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, कई पुलिसकर्मियों पर गिर सकती है गाज 

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

गजरौला (अमरोहा), अमृत विचार। कांवड़िए की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों की माने तो घटना की जानकारी शासन तक पहुंच गई है। जिससे मुरादाबाद डीआईजी भी नाराज हैं। माना जा रहा है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है। 

मुरादाबाद के बलदेवपुरी निवासी सुरेश प्रजापति (40) पुत्र सुमेरी अपने साथी भजनलाल पुत्र छोटेलाल के साथ रविवार रात ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। तभी गजरौला के हाईवे रिसोर्ट होटल के सामने वाले फ्लाईओवर पर उनके जुगाड़ वाहन में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सुरेश प्रजापति की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उनका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस न पहुंचने पर कांवड़ियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया था।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़िए को अपनी गाड़ी से सीएचसी में भर्ती कराया था। वहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान सुरेश ने दम तोड़ दिया था। हालांकि प्रशासन द्वारा नेशनल हाइवे-9 की एक लेन (मुरादाबाद दिशा) को कांवड़ियों के लिए आरक्षित किया गया था। जिस पर भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन की बड़ी लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया। जिसके बाद प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे है।

उधर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया की कांवड़िए की मौत मामले में मृतक सुरेश के साले रामभाग निवासी बलदेवपुरी मुरादाबाद की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।  बता दें कि बीते साल अमरोहा के डिडौली कोतवाली इलाके में सड़क हादसे में दो कांवडियों की मौत हो गई थी। जिस वजह से उत्तर प्रदेश सरकार की सीधी निगाह अमरोहा में बनी है। लेकिन उसके बावजूद प्रशासन और पुलिस की लापरवाही के चलते एक और कांवड़िए की मौत हो गई जबकि, दूसरे की हालत चिंताजनक है।

ये भी पढ़ें : अमरोहा: वाहन ने कांवड़ियों को रौंदा, एक मौत, दो घायल 

संबंधित समाचार