हल्द्वानी: कुमाऊं में बारिश में मलबा आने व भूस्खलन से 36 सड़कें बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसूनी बारिश से कुमाऊं में सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन व मलबा आने से मंडल में 36 सड़कों पर यातायात बंद है। सड़कों को खोलने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
बारिश से नैनीताल जिले में 2 राज्य मार्ग, 1 आंतरिक मार्ग तथा 11 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक नैनीताल-किलवरी राज्य मार्ग, राजभवन-ईस्ट लेगन रोड, कौंता-हरीशताल, मौरनौला-भीड़पानी, खुजेटी-भौनरा, पदमपुर-सुवाकोट, रातीघाट-बुधलाकोट, मल्यूटी मोटर मार्ग, डालकन्या-डप्टा, भीड़ापानी-खुजेटी-पतलिया, गर्जिया-बेतालघाट, कांडा-डौन परेवा मार्ग, देवीपुरा-सौड़ व देचौरी-देगांव मोटर मार्ग बंद हैं।
इसके अलावा अल्मोड़ा जिले में 5 ग्रामीण मार्ग, पिथौरागढ़ में 9 ग्रामीण मार्ग व 2 बार्डर मार्ग बाधित हैं। वहीं बागेश्वर में 3 ग्रामीण मार्ग तथा चंपावत में एक राज्य मार्ग समेत 5 ग्रामीण मार्ग बाधित है।
