लखनऊ : एक जगह मिलेंगे शहर से सभी लजीज व्यंजन, हेरिटेज जोन में विकसित होगा लज्जत-ए-लखनऊ नाम से क्यूजीन वाॅक
अमृत विचार, लखनऊ । शहर में आने वाले पर्यटकों को लजीज व्यंजनों का स्वाद एक ही जगह मिल सके इसके लिए हेरिटेज जोन में लज्जत-ए-लखनऊ नाम से क्यूजीन वाॅक विकसित किया जाएगा। जहां वेन्डर्स निर्धारित गाइडलाइन के तहत व्यंजनों की बिक्री करेंगे। यह बातें मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कही।
मंडलायुक्त ने जिला प्रधासन, एलडीए, नगर निगम व अन्य विभागों के साथ हेरिटेज जोन के विकास व सुंदरीकरण कार्यों की समीक्षा की। निर्देश दिए कि कैसरबाग चौराहे का सुंदरीकरण जल्द किया जाए। हेरीटेज जोन में लज्जत-ए-लखनऊ नाम से क्यूजीन वॉक विकसित करें। जहां, घूमने आने वाले पर्यटकाें को शहर के सभी लजीज व्यंजनों का स्वाद एक जगह पर मिल सके।
संबंधित विभाग हुसैनाबाद में निर्माणाधीन फूड कोर्ट एवं म्यूजियम के सामने वाली सड़क के किनारे स्ट्रीट फूड वेंडरों को जगह देने की व्यवस्था करें। यहां इक्का-तांगा, वाहनों की पार्किंग व इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट के इंतजाम भी किए जाएं। हेरिटेज जोन में लगाए जाने वाले साइनेज, स्ट्रीट फर्नीचर व स्ट्रीट लाइटों की डिजाइन बेहद आकर्षक व कलात्मक हों, इसके लिए शहर वासियों से सुझाव लें।
उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि स्थल पर कुछ भवनों के सीवर खुले में बह रहे हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा खुले में लगे बिजली के तार अंडरग्राउंड कराने की जरूरत है। मंडलायुक्त ने नगर निगम, जल निगम व लेसा को जल्द यह कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। चौराहे के फसाड को संरक्षित करने के लिए होर्डिंग्स व बोर्ड इसी सप्ताह हटाए जाएंगे।
बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी (पूर्वी) अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, अधीक्षण अभियंता एके सिंह, एकेटीयू की फैकेल्टी आॅफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग की डीन डाॅ. वंदना सहगल समेत अभियंता व आर्किटेक्ट रहे।
दर्शन विला कोठी पर स्वास्थ्य विभाग का कब्जा
समीक्षा के दौरान गुलिस्तां-ए-इरम, लाल बारादरी व दर्शन विला कोठी के सुंदरीकरण पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त के संज्ञान में लाया गया कि दर्शन विला कोठी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थायी निर्माण कराए गए हैं। कुछ जगहों पर निष्प्रयोज्य सामाग्री डंप है। इस पर बात पर मंडलायुक्त ने बैठक में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को फौरन अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। वहीं, बटलर झील सुंदरीकरण प्रोजेक्ट के अंतर्गत सीवर लाइन के उच्चीकरण कार्य की अवश्यकता के मद्देनजर जल निगम को योजना तैयार करते शुरू कराने को कहा है।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आने से 50 हजार की आबादी अंधेरे में डूबी
