Unnao News : 10 साल बाद प्यार में मिला धोखा तो युवती ने पुलिस के सामने खाया जहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रेमी ने शादी से किया इनकार, पिता का आरोप पुलिस नहीं कर रही कोई कार्रवाई  

उन्नाव, अमृत विचार। जिले के बिहार थानाक्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती का उसी गांव के रहने वाले एक युवक से पिछले 10 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने घर में बिना बताए पिछले साल कोर्ट मैरिज कर ली और अपने अपने घरों में रह रहे थे। इस दौरान युवक की शादी की बात दूसरी जगह तय होने की जानकारी जब युवती को हुई तो इसकी शिकायत थाना पुलिस से की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 

मंगलवार देर शाम वह थाने पहुंची और उसने थाना परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती के जहर खाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता की तहरीर पर प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

बता दें कि भगवंतनगर चौकी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली दलित परिवार की युवती का उसी गांव के रहने वाले लोध बिरादरी के युवक शिव शंकर से प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी तो 26 जुलाई 2022 को कोर्ट में जाकर कोर्ट मैरिज कर ली और कुछ दिन बाद शादी करने का वादा किया। एक साल बीतने के बाद युवक अपने वादे से मुकर गया और दूसरी जगह शादी की बात शुरू कर दी। इस बात की भनक युवती को लगी तो उसने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। थाने में कई बार पंचायत हुई लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। जिसके बाद उसे महिला थाने भेज दिया गया। पिता ने बताया कि उसे महिला थाने में तीन बार बुलाया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 

मंगलवार की देर शाम युवती फिर थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई न होने से आहत होकर युवती ने थाना परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवती के जहर खाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन फानन बिहार थाना पुलिस ने उसे उपचार के लिए सुमेरपुर सीएचसी में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहर खाने की सूचना पर सीओ बीघापुर पंकज सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की है।

ये भी पढ़ें -उन्नाव रेलवे स्टेशन के डीलक्स टॉयलेट में फंदे से लटकता मिला केयरटेकर का शव

संबंधित समाचार