उन्नाव रेलवे स्टेशन के डीलक्स टॉयलेट में फंदे से लटकता मिला केयरटेकर का शव
दो साल से कर रहा था जॉब, कई एंगल पर जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव रेलवे स्टेशन के पास बने डीलक्स शौचालय में केयरटेकर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला है। शव दिखने की सूचना स्थानीय लोगों ने आरपीएफ और सदर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे सीओ ने शव को उतरवाकर मोर्चरी भिजवाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव रेलवे स्टेशन के बाहर बने डीलक्स शौचालय का टेंडर मैनेजर संजय झा के पास है। इसी डीलक्स शौचालय में पिछले दो साल से बिहार प्रांत के वैशाली जिला के थाना महुवा ग्राम माधवपुर निवासी ओमप्रकाश उर्फ विक्की केयरटेकर के पद पर नौकरी कर रहा था। बुधवार सुबह शौचालय परिसर के अंदर ही छत में फंदे से उसका संदिग्ध परिस्थितियों में शव लटकता देखा गया। शव देख आस पास के दुकानदारों ने इसकी जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी। मामला सिविल का होने के चलते आरपीएफ ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष कुमार कोतवाल अश्वनी मिश्रा, सदर चौकी इंचार्ज इंद्रदेव उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवाया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है।
पास से मिले कागजातों के आधार पर मामले की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी है। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों की माने तो उसका आये दिन पत्नी से फोन पर झगड़ा होता रहता था। जिससे वह कई दिनों से परेशान भी चल रहा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -बहराइच : ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक में जोरदार टक्कर, युवक की मौत
