दिल्ली पर बाढ़ का खतरा, तेजी से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, सड़कों पर आया पानी
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरूवार को कहा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ने की वजह से नदी के आसपास की सड़कों पर पानी आ गया है।
केजरीवाल ने ट्विट कर आज कहा “यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46 मीटर पर पहुँच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जायें।” उन्होंने कहा, “जिन आबादी वाले इलाक़ों में पानी भरा है, वहाँ से लोगों को हटा रहे हैं। वहाँ रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे ज़रूरी है। सभी दिल्ली वालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करें।”
यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46m पर पहुँच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जायें।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 13, 2023
जिन आबादी वाले इलाक़ों में पानी भरा है, वहाँ से लोगों को evacuate कर रहे हैं। वहाँ रहने वालों से…
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, जिन इलाकों में जलभराव है, वहां सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
दिल्ली के जिन इलाक़ों में पानी भर रहा है वहाँ पर सब सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को बंद कर रहे हैं।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 13, 2023
दिल्ली में यमुना का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह बढ़कर 208.48 मीटर पर पहुंच गया, जिससे आसपास की सड़कें, सार्वजनिक व निजी बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए और नदी के पास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर बुधवार रात 208 मीटर के निशान को पार कर गया था और बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक बढ़कर 208.48 मीटर हो गया।
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार, इसके और बढ़ने की आशंका है, उसने इसे ‘‘भीषण स्थिति’’ करार दिया है। हर गुजरते घंटे के साथ स्थिति बिगड़ने के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और पुलिस ने एहतियाती तौर पर राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में बुधवार को धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। इस धारा के तहत चार से अधिक लोगों के एक ही स्थान पर एकत्रित होने पर रोक होती है।
उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक बुलाई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में केजरीवाल ने अनुरोध किया, ‘‘यदि संभव हो तो हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज से पानी सीमित गति में छोड़ा जाए।’’ केजरीवाल ने गृहमंत्री शाह का ध्यान आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन की ओर आर्कषित करते हुए लिखा कि दिल्ली कुछ हफ्तों में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाली है।
उन्होंने कहा, ‘‘देश की राजधानी में बाढ़ की खबर से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। हम सबको मिलकर दिल्ली के लोगों को इस स्थिति से बचाना होगा।’’ यमुना पर दो प्रमुख बैराज हैं, देहरादून में डाकपत्थर और यमुनानगर में हथिनीकुंड। नदी पर कोई बांध नहीं हैं और इसलिए अकसर मानसून के जल का इस्तेमाल नहीं हो पाता जिसके परिणामस्वरूप बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। दिल्ली में पिछले तीन दिन में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
यह रविवार सुबह पूर्वाह्न 11 बजे 203.14 मीटर से बढ़कर सोमवार शाम पांच बजे 205.4 मीटर हो गया, जो उम्मीद से 18 घंटे पहले खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। सोमवार रात नदी का जलस्तर 206 मीटर के निशान का पार कर गया था। बुधवार दोपहर एक बजे 207.49 मीटर के निशान और रात 10 बजे यह 208 मीटर के निशान को पार कर गया।
ये भी पढ़ें- PM Modi France Visit: पीएम मोदी फ्रांस की यात्रा पर रवाना, बैस्टिल डे परेड में होंगे शामिल
