Uttarakhand Weather Update: बारिश का कहर, प्रदेश में 18 लोगों की मौत, 17 सौ से ज्यादा मार्ग बंद, 08 पुल क्षतिग्रस्त  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। पिछले दिनों से हो रही बारिश प्रदेशवासियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। लोगों की लाइफ लाइन पर ब्रेक लगा दिया है। मूसलाधार बारिश की वजह से प्रदेश में अब तक 18 लोगों ने अपनी जान गवा दी है। जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। वहीं, इन मानसून सीजन में अब तक 1700 से ज्यादा सड़कें बंद हो चुकी हैं, इनमें से 1253 सड़कों को खोला जा चुका है। इसके अलावा आठ पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 
 

प्रदेश में 18 लोगों की मौत, 18 घायल

वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बुधवार को विभिन्न वजहों से कुल आठ लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए हैं। गुरुवार को केदारनाथ मार्ग पर एक युवती की मौत हो गई। जबकि 15 जून से अब तक कुल 18 लोग मौत का ग्रास बन चुके हैं, 18 लोग घायल हुए हैं।

यहां पर इतने लोगों की गई जान, इतने मार्ग बंद

देहरादून जिले में तीन की मौत, तीन घायल हुए हैं। जबकि उत्तरकाशी में चार की मौत, 10 घायल, रुद्रप्रयाग में एक की मौत और पौड़ी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। इसी तरह से अब तक 17 बड़े पशुओं और 289 छोटे पशुओं की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 76 घरों को आंशिक, 16 को भारी क्षति और 14 घर पूरी तरह से ध्वस्त हुए हैं। फिलहाल प्रदेश में 449 सड़कें बंद हैं। इस मानसून सीजन में सड़कों के बंद होने की यह पहली बड़ी संख्या है। बीते 24 घंटे में कुल 243 सड़कें बंद हुई हैं, जबकि 315 सड़कें एक दिन पहले से बंद थीं। कुल 558 बंद सड़कों में से बुधवार को मात्र 109 सड़कों को ही खोला जा सका।

मार्ग खोलने के लिए 343 जेसीबी लगाई गईं

प्रमुख अभियंता लोनिवि दीपक यादव ने बताया कि 449 सड़कें बंद थीं, जिन्हें खोलने के लिए मौके पर जेसीबी, पोकलेन, चेन डोजर आदि मशीनों को लगाया गया है। बंद सड़कों में एक नेशनल हाईवे, 33 स्टेट हाईवे, 15 मुख्य जिला मार्ग, 11 जिला मार्ग, 197 ग्रामीण सड़कें और 192 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को सड़कों को खोलने के काम में 343 जेसीबी मशीनों को लगाया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर भूस्खलन होने से चारधाम यात्रा प्रभावित

प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग 58 कौडियाला के पास बीती रात को भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। जिससे चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई। इसके अलावा टिहरी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग, मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग, लबंगांव- कोटालगांव- घनसाली- तिलवाड़ा, बांसबाड़ा- मोहनखाल मोटर मार्ग, घट्टूगाड़- रिखणीखाल- बीरोंखाल मोटर मार्ग, सिलक्यारा- वनगांव- सरोट मोटर मार्ग, मीनस अटाल, सहिया-क्वानू, चकराता- लाखामंडल, दारागाड़- कथियान सहित कुल 33 राज्य मार्ग बंद हैं। एक दिन पहले इनकी संख्या 26 थी। इससे यात्री जगह-जगह फंसे हुए बताए जा रहे हैं। कई लोग वैकल्पिक मार्गों के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचे।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: बारिश ने बरपाया कहर, कोटद्वार में मालन पुल टूटा, कई गांव का संपर्क कटा

संबंधित समाचार