शाहजहांपुर: प्रदेश सचिव को निकाला तो दो गुटों में बंट गई आप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी में जिलाध्यक्ष राजीव यादव द्वारा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बीडी शर्मा के निष्कासन बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। निष्कासित प्रदेश सचिव ने सोसल मीडिया पर भी जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाए हैं। वहीं बुधवार को शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर यहां तक कहा कि उन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए जी-जान लगा दी। वह प्रदेश सचिव हैं तो जिलाध्यक्ष उन्हें कैसे निकाल सकते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश सचिव का निष्कासन जिलाध्यक्ष के अधिकार में नहीं है। 

वहीं प्रेस वार्ता में मौजूद निवर्तमान महानगर अध्यक्ष और महापौर के चुनाव के दावेदार रहे सीए संजय सक्सेना और कीर्तिमान प्रकाश च्यवन की मौजूदगी से पार्टी गुटों में बंटी नजर आई। खुद जिलाध्यक्ष अलग-थलग नजर आ रहे हैं। प्रेस वार्ता में निष्कासित प्रदेश सचिव और पुवायां क्षेत्र के गांव अनावा निवासी इंजीनियर बीडी शर्मा ने जिलाध्यक्ष राजीव यादव पर तानाशाही करने का आरोप लगाते हुए निष्कासन को असंवैधानिक करार दिया है। उन्होंने इस मामले की शिकायत राज्यसभा सांसद व संगठन के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह से की है। उनका कहना है कि जिलाध्यक्ष खुद पार्टी की विचारधारा से अलग हटकर काम कर रहे हैं। वह लोग जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में काम नहीं करेंगे। 

उन्होंने इस मामले की शिकायत राज्यसभा सांसद व संगठन के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह से की है। बताया कि वर्ष 2015 में पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी के लिए आजीवन समर्पित भाव से काम करने का प्रण किया था। पार्टी की मजबूती के लिए काफी काम किया। आरोप लगाया कि नौ जुलाई को जिलाध्यक्ष ने मनमाना आचरण करते हुए असंवैधानिक तरीके से बिना कोई नोटिस दिए उनका निष्कासन कर दिया। उन्होंने व उनके साथ जुड़े पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी से जिलाध्यक्ष को बर्खास्त किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि वह लोग जिलाध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में काम नहीं करेंगे। कहा कि यदि जिलाध्यक्ष को नहीं हटाया गया तो एक शिष्टमंडल दिल्ली जाकर राष्ट्रीय नेतृत्व से बात करेगा। इस दौरान सीए संजय सक्सेना,कीर्तिमान प्रकाश च्यवन आदि लोग मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष पर यह भी आरोप लगाए
- अदूरदर्शिता के कारण विधानसभा चुनाव में नहीं मिले प्रत्याशी
- साख बचाने के लिए तिलहर विधानसभा से उन्हें लड़ाया गया
- लखनऊ या दिल्ली से चुनाव प्रचार के लिए बड़े नेता को नहीं बुलाया
- किसी के कहने पर निकाय चुनाव में कोई टिकट नहीं दिया
- राज्यसभा सांसद आए तो महंगे होटल में पांच कमरे बुक किए
- रोड शो के लिए कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया गया
- सांसद रोड शो बीच में छोड़कर लौट गए
- उन्होंने व पदाधिकारियों ने विरोध किया तो धमकी दी गई। 

पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण किया गया निष्कासन
बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व पदाधिकारी बीडी शर्मा को पार्टी संगठन को तोड़ने लगातार अनुशासनहीनता करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के कारण सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल प्रभाव से पार्टी के निर्णय पर निष्कासित किया गया है। आम आदमी पार्टी में बीडी शर्मा पर अब किसी भी प्रकार का कोई दायित्व नहीं है और पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। वह जो भी आरोप लगा रहे हैं, वह निराधार हैं।- राजीव यादव, जिलाध्यक्ष- आप।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: प्लाटून कमांडर की पत्नी के साथ अभद्रता, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

 

संबंधित समाचार