काशीपुर: नये जेवरात बनाने के नाम पर 15 लाख के पुराने जेवर हड़पे, केस दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने ज्वैलर्स पर नये जेवरात बनाने के नाम पर 15 लाख के पुराने जेवरात हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
केशव पुरम कालोनी निवासी नवीन राज ने आईटीआई थाना पुलिस को देकर बताया कि उसकी श्री श्याम ज्वेलर्स के स्वामी गौरव भल्ला व सौरव भल्ला निवासी जसपुर खुर्द से जान पहचान थी। 25 नवंबर 2021 को उसने अपनी शादी के लिये नये जेवरात बनाने के लिये मां, भाभी व दीदी के 16 लाख के 360 ग्राम सोने के पुराने जेवरात उनको दिये थे। लेकिन कई बार कहने के बाद भी आरोपियों ने उसके जेवरात नहीं बनाए।
इस बीच उसकी शादी भी तय हो गई। जिस पर उसने फिर से जेवरात का तकादा किया तो आरोपी उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगे। बाद में पंचायत होने पर आरोपियों ने उसे रकम के बदले जमीन देने का आश्वासन दिया। लेकिन आरोपी जमीन इधर-उधर दिखाकर व जमीन के रेट गलत बताकर कई महीने तक उसे घुमाते रहे। पीड़ित का आरोप है कि बाद में वह लोग रुपये देने से मुकर गए और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उससे ही एक लाख रुपये मांगने लगे। मामले में पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
