बरेली: लापरवाही...सामान्य मरीजों के साथ फिर भर्ती किए टीबी संदिग्ध, नहीं लगाए जा रहे मास्क
फोटो- हार्ट वार्ड में सामान्य मरीजों के साथ भर्ती टीबी के मरीज।
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल के हार्ट वार्ड में सामान्य मरीजों के साथ ही टीबी के संदिग्ध मरीजों को भर्ती करने के मामले नहीं थम रहे हैं। संदिग्ध मरीजों के मास्क भी न लगाने की वजह से सामान्य मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा है।
हार्ट वार्ड में सामान्य बीमारी जैसे बुखार, सांस लेने में दिक्कत समेत अन्य मरीज भर्ती किए जाते हैं लेकिन यहां टीबी के संदिग्ध मरीज भी भर्ती किए जा रहे हैं। बुधवार तक वार्ड में दो मरीज भर्ती थे, इनमें एक को रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को भी शहर के नरियावल में रहने वाली एक महिला मरीज इस वार्ड में भर्ती थी लेकिन अस्पताल प्रबंधन मूकदर्शक बना रहा।
स्टाफ बोला- समझाने पर भी नहीं लगाते मास्क
हार्ट वार्ड के स्टाफ के मुताबिक दिन में कई बार टीबी के संदिग्ध मरीजों और उनके तीमारदारों को मास्क लगाने के लिए कहा जाता है। टोकने पर मास्क तो लगा लेते हैं लेकिन स्टाफ के जाते ही फिर स्थिति पहले जैसी हो जाती है। कई बार तो मरीजों के बेड पर ही तीमारदार लेटे हुए मिलते हैं। जिन्हें ऐसा करने से बार-बार मना किया जा रहा है।
ये बरतें सावधानी :
- टीबी वार्ड में प्रवेश करने से पहले सर्जिकल मास्क लगाना जरूरी है।
- टीबी के मरीजों से कम से कम तीन मीटर की दूरी से बात करनी चाहिए।
मरीज में टीबी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को टीबी वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है। हालांकि अगर मरीज को पूर्व में टीबी हुई है तो स्टाफ को सूचना देनी चाहिए थी, संबंधित से जवाब तलब किया जाएगा। वहीं मरीज को शिफ्ट भी कराया जाएगा---डॉ. अलका शर्मा, एडीएसआईसी, जिला अस्पताल।
यह भी पढ़ें- बरेली: जोगी नवादा से सैकड़ों कांवड़ियों का जत्था कछला घाट के लिए रवाना
